क्राइम

UP News: बस्ती में किशोर पर हमला कर चेहरे पर किया पेशाब, पीड़ित ने की खुदकुशी; थाना प्रभारी निलंबित

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में बस्ती जिले के कप्तानगंज इलाके में 17 वर्षीय एक किशोर ने दबंगों द्वारा कथित तौर पर पीटे जाने और उसके चेहरे पर पेशाब किए जाने के बाद फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर इस कृत्य का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।

एसपी बोले, सभी आरोपी गिरफ्तार
बस्ती के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण गोपाल चौधरी ने बताया कि इस घटना में शामिल सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा थाना कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) के खिलाफ विभागीय जांच का आदेश देते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सीओ बोले, दोषियों पर होगी कार्रवाई
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि किशोर के मामा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

किशोर की मां का आरोप, निर्वस्त्र कर पीटा गया
किशोर संत कबीर नगर के एक गांव का निवासी था, जो बस्ती के एक गांव में रहता था। परिजनों का आरोप है कि 20 और 21 दिसंबर की रात किशोर को जन्मदिन पार्टी के बहाने गांव के युवक ने फोन कर बुलाया और जब किशोर पार्टी में शामिल होने गया, तो वहां पर चार लोग मौजूद थे। किशोर की मां ने आरोप लगाया कि पहले उसके बेटे को निर्वस्त्र कर पीटा गया और फिर उसके मुंह पर पेशाब कर इस कृत्य का वीडियो बना लिया। परिजनों का आरोप है कि जब उसके बेटे ने वीडियो डिलीट करने की गुजारिश की, तो उसको थूक चटाया और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे। परेशान होकर उसने अपने परिजनों को सारी बात बताई, इसके बाद परिजनों ने कप्तानगंज थाने में तहरीर दी।

पुलिस के रवैये से नाराज परिजन किशोर का शव लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर ले ली, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद आहत होकर किशोर ने 23 दिसंबर को अपराह्न करीब एक बजे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के रवैये से नाराज परिजन सोमवार को किशोर का शव लेकर कप्तानगंज थाना पहुंच गए और घंटों इंतजार के बाद भी जब कार्रवाई का कोई आश्वासन नहीं मिला, तो परिजन शव को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। इसके बाद उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सौंपा। एसपी ने बताया कि मामले में कप्तानगंज के थाना प्रभारी दीपक कुमार दुबे को निलंबित कर दिया गया है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button