राजनीति

Shibu Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन, कई नेताओं ने जताया शोक

झारखंड (Jharkhand) के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार को निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। राज्य की सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पार्टी के संस्थापक सोरेन का लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के एक अस्पताल में सोमवार को निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे।

आदिवासी आंदोलन को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले जननेता
झारखंड के गठन में अहम भूमिका निभाने वाले अनुभवी आदिवासी नेता शिबू सोरेन अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं, जिसने देश की राजनीति को नया स्वरूप दिया।

झारखंड में तीन दिन का राजकीय शोक
झारखंड सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के सम्मान में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। एक बयान में यह जानकारी दी गई है।

झारखंड विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के बाद सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने यह जानकारी दी।

राज्यसभा की बैठक पूरे दिन के लिए स्थगित
राज्यसभा के मौजूदा सदस्य एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक दिवंगत शिबू सोरेन के सम्मान में उच्च सदन की बैठक सोमवार को शुरू होने के कुछ ही देर बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।

शिबू सोरेन का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में बड़ी क्षति : राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है।

शिबू सोरेन जनजातीय समुदायों और दलितों को सशक्त बनाने को लेकर प्रतिबद्ध थे: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह जनजातीय समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने को लेकर प्रतिबद्ध थे।

शिबू सोरेन ने दशकों तक आदिवासियों के अधिकारों के लिए किया काम : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने राज्य में आदिवासी समुदाय के अधिकारों और उनके सशक्तीकरण के लिए दशकों तक संघर्ष किया।

झारखंड के निर्माण में शिबू सोरेन की भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा: राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शिबू सोरेन के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासियों के लिए आजीवन संघर्ष किया और झारखंड राज्य के निर्माण में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा।

शिबू सोरेन ने जल, जंगल, जमीन के अधिकार के लिए आजीवन संघर्ष किया: मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि झामुमो नेता ने अलग झारखंड प्रदेश और वहां के लोगों के जल, जंगल, जमीन के अधिकार तथा आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए आजीवन संघर्ष किया। खरगे ने सोरेन के पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर बात करके उन्हें ढांढस बंधाया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिबू सोरेन के निधन पर जताया शोक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए उनके संघर्ष को सदैव याद रखा जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मायावती ने शिबू सोरेन के निधन पर दुख व्यक्त किया
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को दुख व्यक्त किया।

ममता बनर्जी ने शिबू सोरेन के निधन पर कहा, झारखंड के इतिहास का एक अध्याय समाप्त हो गया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि झारखंड के इतिहास का एक अध्याय समाप्त हो गया।

शिबू सोरेन ने आदिवासियों की भलाई के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया: हिमंत विश्व शर्मा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन वंचितों, आदिवासियों और श्रमिकों की भलाई के लिए समर्पित था।

शिबू सोरेन को आदिवासी अधिकारों की खातिर किए गए संघर्ष के लिए याद किया जाएगा: नवीन पटनायक
बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें आदिवासी और वंचित वर्ग के लोगों के अधिकारों के लिए समर्पित उनकी लड़ाई के लिए याद किया जाएगा।

देशभर में शोक की लहर
शिबू सोरेन के निधन पर देश में शोक की लहर है। देश के कई नेताओं ने भी शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताया है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button