Indo-Pak: भारत ने पाकिस्तान के आधारहीन आरोपों को किया खारिज, उसे आतंकवाद का केंद्र बताया

India-Pakistan: भारत ने बलूचिस्तान ट्रेन हमले के बाद पाकिस्तान द्वारा लगाए गए आरोपों को शुक्रवार को आधारहीन करार दिया और कहा कि इस्लामाबाद को अपनी विफलताओं के लिए दूसरों पर दोष मढ़ने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।भारत ने यह भी कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि वैश्विक आतंकवाद का केंद्र कहां है।
कहा, पाकिस्तान आतंकवाद का बड़ा केंद्र
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जाफर एक्सप्रेस हाइजैक मामले में कहा कि पाकिस्तान ने भारत पर बेहूदा और आधारहीन आरोप लगाया है। भारत के किसी भी तरह के हाथ से इनकार किया है। भारतीय प्रवक्ता ने कहा कि पूरी दुनिया को पता है कि पाकिस्तान आतंकवाद का बड़ा केंद्र है। जायसवल ने पाकिस्तान के भारत पर अंगुली उठाने के सवाल पर कहा कि पाकिस्तान अपने घरेलू मामलों से निपटने पर नाकाम होने पर दूसरों पर अंगुली उठा रहा है।
शफाकत अली खान ने भारत पर लगाया था आरोप
इससे पहले गुरुवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शफाकत अली खान ने दावा किया था कि जाफर एक्सप्रेस हाइजैक मामले में विद्रोही बलूच लिबरेशन आर्मी के लोग अफगानिस्तान में रह रहे अपने आकाओं से संपर्क में थे और समय-समय पर उनसे दिशा-निर्देश ले रहे थे। शफाकत अली खान ने भारत पर आरोप लगाते हुए कहा था इस हमले में भारत का भी हाथ है।
पाकिस्तान ने भारत पर आतंकवाद को प्रायोजित करने का आरोप लगाया
पाकिस्तान ने बलूचिस्तान ट्रेन हमले का प्रत्यक्ष रूप से उल्लेख न कर भारत पर ‘आतंकवाद को प्रायोजित करने’ का आरोप लगाया है।
पाकिस्तान में ट्रेन पर विद्रोहियों के हमले के बाद प्रधानमंत्री शरीफ ने बलूचिस्तान का किया दौरा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कानून और व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने तथा जाफर एक्सप्रेस अपहरण की घटना के बाद वहां के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए बृहस्पतिवार को अशांत बलूचिस्तान प्रांत का दौरा किया। ट्रेन के अपहरण की घटना में 21 नागरिक और चार सैनिक मारे गए थे। शरीफ की यह यात्रा सुरक्षा बलों द्वारा मंगलवार को जाफर एक्सप्रेस पर कब्जा करके यात्रियों को बंधक बनाने वाले बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के सभी 33 विद्रोहियों को मार गिराने के एक दिन बाद हो रही है। इस ट्रेन पर 440 यात्री सवार थे। (भाषा)



