Union Budget 2026: जयराम रमेश बोले-बजट उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता, अखिलेश यादव ने कहा-यह गरीबों की समझ के बाहर है

Union Budget 2026: कांग्रेस ने वित्त वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट को फीका और निराशाजनक करार देते हुए रविवार को कहा कि यह उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट भाषण भी पारदर्शी नहीं रहा और इसमें प्रमुख कार्यक्रमों एवं योजनाओं के लिए बजटीय आवंटन की जानकारी नहीं दी गई।
अखिलेश यादव बोले-बड़े लोगों की बड़ी खुशहाली के लिए है यह बजट
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को केंद्रीय बजट पर कहा कि यह बजट गरीबों की समझ के बाहर है। उनके मुताबिक, बड़े लोगों की बड़ी खुशहाली के लिए यह बजट है। उन्होंने कहा कि यह दूसरों को लाभ पहुंचाने का बजट है, पहले से तय होता है कि किसको लाभ पहुंचाना है। बताइए आलू किसान को क्या लाभ पहुंचाया? जिन लोगों ने 2014 में वोट दिया था इन्हें अब इंतजार कर रहे हैं पेंशन कब मिलेगी।
अखिलेश यादव ने कहा, निराशाजनक, निंदनीय बजट
अखिलेय यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आ गया भाजपाई बजट का परिणाम, शेयर मार्केट हुआ धड़ाम।
हमने तो पहले ही कहा था :
सवाल ये नहीं है कि शेयर बाज़ार रविवार को खुलेगा, सवाल ये है कि और कितना गिरेगा।
जब भाजपा सरकार से कोई उम्मीद नहीं है, तो उसके बजट से क्या होगी।
हम तो भाजपा के हर बजट को 1/20 (एक बँटे बीस) का बजट मानते हैं क्योंकि वो 5% लोगों के लिए होता है।
भाजपा का बजट, अपने कमीशन और अपने लोगों को सेट करने का बजट होता है।
भाजपा का बजट, भाजपाई भ्रष्टाचार की अदृश्य खाता-बही होता है।
इस बजट में न आम जनता का ज़िक्र है न फ़िक्र।
महंगाई बेतहाशा बढ़ने पर भी इस बजट में जनता को टैक्स में छूट न देना, ‘टैक्स-शोषण’ है।
अमीरों के काम-कारोबार और घूमने-फिरने पर दस तरह की छूटें दी गईं हैं लेकिन बेकारी-बेरोज़गारी से जूझ रहे लोगों की उम्मीदों की थाली, खाली है।
निराशाजनक, निंदनीय बजट। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



