US-Iran War: डोनाल्ड ट्रंप बोले-ईरान के नए प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा हूं, गलत हरकत की तो फिर हो सकते हैं हमले

Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह युद्ध समाप्त करने संबंधी ईरान के नए प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं, लेकिन यदि वह कोई गलत हरकत करता है तो उसके खिलाफ सैन्य हमले फिर शुरू किए जा सकते हैं। ट्रंप ने पाम बीच से मियामी जाते समय कहा कि वह युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान के नए प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं।
कहा, ईरान से लौटते समय अमेरिकी नौसेना क्यूबा को अपने कब्जे में ले लेगी
डोनाल्ड ट्रंप ने मजाक में कहा है कि अमेरिकी नौसेना ईरान से लौटते समय क्यूबा को अपने कब्जे में ले लेगी। गैर-लाभकारी संगठन फोरम क्लब ऑफ पाम बीचेज के समक्ष शुक्रवार शाम अपने संबोधन में कई बार विषय से इतर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि क्यूबा में समस्याएं हैं।
जर्मनी में अमेरिकी सैनिकों की संख्या में 5,000 से कहीं अधिक की कटौती करेंगे
डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि जर्मनी में तैनात अमेरिकी सैनिकों की संख्या में 5,000 से भी अधिक की कटौती की जाएगी। इससे पहले अमेरिका के रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि जर्मनी से करीब 5,000 सैनिकों को वापस बुलाया जाएगा, लेकिन शनिवार को जब ट्रंप से इस कदम का कारण पूछा गया तो उन्होंने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया और कहा कि इससे भी बड़ी कटौती की जाएगी। (भाषा/एपी)



