धर्म संसार

Mahashivratri: महाशिवरात्रि पर ऐसे करें पूजा, भोले बाबा की कृपा से दूर होंगे सभी दुख-दर्द; सुनें ये भजन

Mahashivratri 2025: देशभर में बुधवार को महाशिवरात्रि श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। महाशिवरात्रि के दिन सच्चे मन से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करने से सभी संकट दूर हो जाते हैं।

इसलिए मनाई जाती है महाशिवरात्रि
पौराणिक कथा के अनुसार, फाल्गुन के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर पहली बार भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग में प्रकट हुए थे। इसे महाशिवरात्रि के रूप में मनाया गया। भगवान शिव के निराकार से साकार रूप में अवतरण की रात्रि ही महाशिवरात्रि है।शिव महापुराण के अनुसार, फाल्गुन के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर भगवान शिव और देवी पार्वती का विवाह हुआ था। फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी तिथि पर भगवान शिव वैराग्य का त्याग कर देवी पार्वती संग विवाह के बंधन में बंधे थे। गृहस्थ जीवन में प्रवेश किया था। इसलिए महाशिवरात्रि का पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।

ऐसे करें पूजा बनी रहेगी भगवान शिव की कृपा
धार्मिक मान्यता है कि महाशिवरात्रि का व्रत रखने और भगवान शिव की पूजा करने से महादेव की कृपा प्राप्त होती है और इससे जीवन की सभी बाधाएं दूर हो जाती हैं। महाशिवरात्रि के दिन महादेव की कृपा प्राप्त करने के लिए शिव तांडव स्तोत्र का पाठ किया जा सकता है। शिव तांडव स्तोत्र का पाठ करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और भक्त को जीवन में सफलता प्राप्त होती है। यह स्तोत्र पढ़ने से जीवन की कठिनाइयों और दुखों से मुक्ति मिलती है। महाशिवरात्रि के दिन पूजा-पाठ के साथ-साथ शिव तांडव स्तोत्र के पाठ को बहुत शुभ माना जाता है। इससे न केवल आध्यात्मिक लाभ होता है बल्कि व्यक्तिगत जीवन में सुख-समृद्धि और मानसिक शांति भी मिलती है। शिव तांडव स्तोत्र का पाठ विवाह में आ रही बाधाओं को भी दूर करता है।

महाशिवरात्रि पर सुख-समृद्धि के लिए करें ये उपाय
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, महाशिवरात्रि पर 21 बेल पत्रों पर चंदन से ऊं नमः शिवाय लिखकर शिवलिंग पर चढ़ाने से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। भगवान शिव की कृपा से जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है।

विवाह के लिए करें यह उपाय
महाशिवरात्रि पर शिवलिंग पर दूध में केसर मिलाकर चढ़ाना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से विवाह की अड़चनें दूर होती हैं। शीघ्र विवाह के योग बनते हैं।

करियर के लिए करें ये उपाय
महाशिवरात्रि के दिन चांदी के लोटे में जल भरकर उसमें एक चांदी का सिक्का डालें और शिवलिंग पर चढ़ाएं। साथ ही, भगवान शिव को सफेद फूल अर्पित करें। मान्यता है कि ऐसा करने से करियर की विघ्न-बाधाएं दूर होती हैं। नौकरी में तरक्की मिलती है।

अच्छी सेहत के लिए करें यह उपाय
सेहत संबंधी परेशानियों से मुक्ति के लिए महाशिवरात्रि के दिन कच्चे चावल और मिश्री मिलाकर शिवलिंग पर अर्पित करना चाहिए। इस दौरान ऊं नम: शिवाय मंत्र का जाप करना चाहिए। अच्छी सेहत की कामना करनी चाहिए। भगवान शिव के समक्ष घी का दीपक जलाना चाहिए।

ऐसा करने से होगा धन लाभ
धन लाभ के लिए महाशिवरात्रि के दिन मछलियों को आटे की गोलियां खिलानी चाहिए। मान्यता है कि महाशिवरात्रि पर ऐसा करने से आकस्मिक धन लाभ होता है।

भगवान शिव के 108 नामों का करें जाप
महाशिवरात्रि के दिन व्रत रखा जाता है और शिवलिंग की पूजा की जाती है। कई जगहों पर शिवजी की बारात भी निकाली जाती है। शिवलिंग का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया जाता है। भगवान शिव की पूजा रात के चारों प्रहर में की जाती है।

महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव के 108 नामों का जाप किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन सच्चे मन से भोले बाबा की पूजा करने से सभी दुख-दर्द दूर हो जाते हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button