Puja Vidhi: जानिए, सप्ताह में किस दिन किस देवता की कैसे करें पूजा, पूरी होगी हर मनोकामना

हिंदू धर्म (Hinduism) में 33 करोड़ देवी और देवता हैं। सप्ताह के सात दिन भी सात देवताओं के नाम हैं। कहा जाता है कि दिन के अनुसार, इन देवी-देवताओं की पूजा करने से सकारात्मक फल मिलते हैं। शिवपुराण में सातों दिनों के हिसाब से देवताओं के पूजन का महत्व बताया है। रविवार को सूर्य, सोमवार को चंद्र, मंगलवार को मंगल, बुधवार को बुध, गुरुवार को बृहस्पति, शुक्रवार को शुक्र और शनिवार को शनि का पूजन करना श्रेष्ठ रहता है।
देवी-देवताओं की पूजा करने से मिलता है सबकुछ
कहा जाता है कि सूर्य आरोग्य देता है। चंद्र धन-संपत्ति देता है। मंगल व्याधियों यानी रोगों का निवारण करता है। बुध बल देता है। बृहस्पति आयु बढ़ाता है। शुक्र भौतिक सुख प्रदान करता है। शनि मृत्यु का भय दूर करता है।
रविवार को करें सूर्य की पूजा
सूर्य की कृपा पाने के लिए प्रतिदिन सूर्य को जल अर्पित करना चाहिए। रविवार को तांबे के लोटे में जल भरें, पुष्प डालें और सूर्य को अर्पित करें। सूर्य आपकी मनोकामना पूरी करेंगे।

सोमवार को करें शिव की पूजा
हर सोमवार शिवलिंग की पूजा करें। शिवजी ने चंद्र को अपने मस्तष्क पर धारण किया है। इसी वजह से इस दिन शिवजी की पूजा करनी चाहिए। शिव की पूजा करने से कष्ट दूर होंगे।

मंगलवार करें हनुमान जी की पूजा
मंगल के लिए मंगलवार को शिवलिंग पर लाल मसूर चढ़ाएं। मंगल की पूजा शिवलिंग रूप में ही होती है। मंगलवार को शिवलिंग पर लाल गुलाब चढ़ाएं। इस दिन हनुमान जी की भी पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

बुधवार को करें गणेश जी की पूजा
बुधवार को बुध की पूजा करें। बुध ग्रह के लिए हर बुधवार हरी मूंग का दान करें। गणेशजी को दूर्वा चढ़ाएं। सच्चे मन से गणपति की पूजा करें। विघ्न दूर हो जाएंगे।

गुरुवार को करें बृहस्पति की पूजा
देवगुरु बृहस्पति की पूजा भी शिवलिंग रूप में ही की जाती है। इसीलिए हर गुरुवार शिवलिंग पर चने की दाल और बेसन के लड्डू चढ़ाएं। इस दिन भगवान विष्णु की भी पूजा करनी चाहिए। विष्णु की पूजा करने से सभी सुख मिलेंगे।

शुक्रवार को करें संतोषी मां की पूजा
शुक्र ग्रह के लिए हर शुक्रवार शिवलिंग पर जल चढ़ाएं। बिल्व पत्र चढ़ाएं। इस दिन संंतोषी मां की पूजा भी करें। माता रानी आपकी सारी मनोकामनाएं पूरी करेंगी।

शनिवार को करें शनि की पूजा
शनिवार को ग्रहों के न्यायाधीश शनि की पूजा करें। शनि को तेल चढ़ाएं और हनुमान चालीसा का पाठ करें। मान्यता है कि इस दिन हनुमानजी की पूजा से भी शनिदेव प्रसन्न होते हैं।

सप्ताह के सातों दिन सभी देवी और देवताओं की सच्चे मन से पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी मान्यताओं पर आधारित है। हम दावा नहीं करते हैं कि ये पूर्णतया सत्य है और सटीक है। इन्हें अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।



