Kedarnath Dham: केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, सीएम पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे

Kedarnath Dham: उत्तराखंड में गढ़वाल में स्थित भगवान शिव के धाम केदारनाथ के कपाट भैया दूज पर बृहस्पतिवार को विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अब सर्दियों में अगले छह माह तक भगवान केदारनाथ की पूजा उनके शीतकालीन प्रवास स्थल उखीमठ में की जाएगी।
इस बार 18 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि भैया दूज पर केदारनाथ धाम के कपाट विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकाल के लिए बंद हो गए। कपाट बंद होने से पूर्व बाबा केदार की पूजा-अर्चना में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार के प्रयासों से इस वर्ष चारधाम यात्रा के अंतर्गत श्री केदारनाथ धाम में रिकॉर्ड संख्या में 18 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।
गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद
उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के चारधामों के रूप में प्रसिद्ध मंदिरों में से एक गंगोत्री धाम के कपाट बुधवार को अन्नकूट के पर्व पर श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए। सर्दियों में छह माह मंदिर के बंद रहने के दौरान श्रद्धालु मां गंगा की पूजा अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव में कर सकेंगे। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



