UP Cabinet Expansion: अखिलेश यादव का तंज, मंत्रियों के नाम के बाद अब क्या उनके विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी

UP Politics: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नीत सरकार में मंत्रिपरिषद विस्तार के छह दिन बाद भी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं होने पर तंज कसते हुए शुक्रवार को सवाल उठाया कि क्या अब मंत्रियों के विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी।
डबल इंजन सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि उप्र में मंत्रियों के नाम के बाद, अब क्या उनके विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी? मंत्रालयों के बंटवारे की देरी की असली वजह सिर्फ ये है कि मंत्रालय-विभाग की कमीशन-कमाई के बंटवारे के डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं। दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नए मंत्री बने हैं वो बेचारे तो बस दर्शक दीर्घा में बैठकर गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं। भाजपाई डबल इंजन बाकी सब मंत्रियों को डब्बा कर देता है।
कहा, टैक्स के पैसों की लूट करने से रोकेगी जनता
अखिलेश यादव के मुताबिक, उप्र की जनता ने ठाना है कि नए मंत्रियों को जो भी मंत्रालय-विभाग मिलेगा, उस पर पूरी तरह से निगाह-निगरानी रखी जाएगी, जिससे ये नए-नवेले मंत्रीगण अपने खजाने न भर सकें। इस बात के लिए कागजी प्रमाण के साथ-साथ और भी आडियो-वीडियो सबूत इकट्ठे किए जाएंगे और इन भाजपाइयों की कलई खोली जाएगी। अब जनता ही भाजपाई लोगों को अपने टैक्स के पैसों की लूट करने से रोकेगी, क्योंकि भ्रष्टाचार रोकने के बाकी सारे विभाग तो भ्रष्ट भाजपा ने बर्बाद कर ही दिए हैं। जनता को लगता है अब सोशल मीडिया और सिटिजन जर्नलिज्म के माध्यम से ही उनको न्याय मिल सकता है। भाजपा सरकार जानती है कि ये आखिरी बार है, जब वो सत्ता में है, इसीलिए ये भाजपाई दसों हाथों से पैसा बटोरना चाहते हैं। जागरूक जनता अब इन भाजपाइयों को उनके गंदे मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



