देश-दुनिया

Delhi News: मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में पेश किया उच्च प्रोटीनयुक्त दूध

Protein Rich Milk: मदर डेयरी ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में देश की प्रोटीन की कमी वाली आबादी को लक्षित करते हुए 70 रुपये प्रति लीटर की कीमत वाला प्रोटीन युक्त दूध उत्पाद प्रोमिल्क पेश किया है। नए गाय के दूध के उत्पाद में प्रति लीटर 40 ग्राम प्रोटीन, चार प्रतिशत वसा और 11.5 प्रतिशत ठोस-वसा-नहीं (एसएनएफ) है, और यह विटामिन ए और डी से भरपूर है। यह बृहस्पतिवार से ऑफलाइन और ऑनलाइन खुदरा दुकानों के माध्यम से 500 मिली और एक लीटर की पैकेजिंग में उपलब्ध होगा।

दिल्ली के हरित क्षेत्र को बढ़ाने की कार्ययोजना के लिए बजट पर पुनर्विचार करे एफआरआई : उच्चतम न्यायालय
उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) को राष्ट्रीय राजधानी के हरित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के वास्ते प्रस्तावित बजट पर पुनर्विचार करने का निर्देश दिया और कहा कि कुछ प्रस्ताव अधिक हैं। न्यायमूर्ति अभय एस ओका और न्यायमूर्ति उज्ज्ल भुइयां की पीठ ने कहा कि एफआरआई एक महीने के भीतर दिल्ली सरकार को संशोधित बजट सौंपने के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र जैसी एजेंसियों की मदद लेने पर विचार कर सकता है।

दिल्ली विधानसभा मानसून सत्र से कागज रहित हो जाएगी: अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को कहा कि मानसून सत्र से विधानसभा के कागज रहित होने की उम्मीद है और विधायक अपने विधायी कार्यों के लिए ‘टचस्क्रीन डेस्कटॉप’, मोबाइल फोन और टैबलेट के माध्यम से ई-विधान एप्लीकेशन का उपयोग करेंगे। विधानसभा के बजट सत्र को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि कागज रहित कार्य की पहल को तेज कर दिया गया है ताकि परियोजना को 100 दिनों के भीतर पूरा किया जा सके। इससे जून-जुलाई में होने वाले मानसून सत्र में विधायी कार्य राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के उपयोग से किये जा सकेंगे।

विधायकों की वेतन वृद्धि और अधिक सहायकों की मांग के बाद समिति गठित
दिल्ली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों द्वारा बुधवार को विधायकों के वेतन में संशोधन की मांग पर विचार करने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया। सदन में चर्चा के दौरान यह मुद्दा उठाया गया था।

वजीराबाद में लड़के की चाकू घोंपकर हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए
उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए 16 वर्षीय लड़के का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या के सिलसिले में तीन किशोरों को पकड़ लिया गया है। उन्होंने कहा कि कक्षा नौ के छात्र को भलस्वा झील के पास एक सुनसान इलाके में ले जाया गया और वहां उस पर कई बार चाकू से वार किया गया। अधिकारी ने कहा कि लड़के के परिजनों को 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए फोन आया था। बाद में उन्हें उसका शव मिला। लड़का रविवार से लापता था और सोमवार को स्थानीय थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

रोहिणी में लड़की का बाल विवाह रोका गया
दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) और पुलिस ने 15 वर्षीय लड़की के बाल विवाह के प्रयासों को विफल कर दिया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, एनजीओ बाल विकास धारा (बीवीडी) को बाल विवाह के बारे में सूचना मिली और उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button