UP News: नोएडा में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत के मामले में दो पुलिसकर्मी निलंबित

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के नोएडा (Nodia) के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में रविवार को नोएडा एक्सप्रेस-वे पर खराब होने के बाद खड़े ट्रक से एक कार के टकराने के बाद पांच लोगों की मौत के मामले में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सेक्टर 94 स्थित ‘इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल’ में तैनात इन पुलिसकर्मियों पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप है।
जांच के दौरान लापरवाही सामने आने के बाद इन्हें निलंबित किया गया
उन्होंने बताया कि ऐसा आरोप है कि एक्सप्रेस-वे पर ट्रक खराब होने के बाद खड़ा था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने निगरानी के दौरान सीसीटीवी कैमरे में देखने के बाद भी न तो आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी और न ही ट्रक हटवाने के लिए किसी को सूचित किया। नोएडा एक्सप्रेसवे पर निगरानी के लिए जगह-जगह कैमरे लगे हैं और ‘इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल’ एक्सप्रेसवे पर पल-पल नजर रखता है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) यमुना प्रसाद ने बताया कि निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों के नाम धीरेंद्र और सनी है। जांच के दौरान लापरवाही सामने आने के बाद इन्हें निलंबित कर दिया गया। नोएडा एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे के बाद पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए थे।
हादसे में इनकी हुई थी मौत
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी और स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा और दादरी के विधायक तेजपाल नागर ने भी मृतकों के परिजनों से मुलाकात की थी। इससे पहले पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया था कि सोमवार सुबह करीब छह बजे एक कार में सवार ये लोग नोएडा से एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा की तरफ जा रहे थे, लेकिन नोएडा के सेक्टर-146 मेट्रो स्टेशन के पास कार सड़क के किनारे खड़े एक खराब वाहन से जा टकराई। कार में अमन (27), उसके पिता देवी सिंह (60), मां राजकुमारी (50), विमलेश (40) और कमलेश (40) सवार थे। इस घटना में कार चला रहे अमन की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नोएडा में मुठभेड़ के बाद तीन वाहन चोर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के बाद तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस उपयुक्त (जोन द्वितीय) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मंगलवार तड़के पुलिस जांच चौकी स्थापित कर वाहनों की जांच में जुटी थी कि तभी एक बाइक पर तीन बदमाश आते हुए दिखाई दिए।
नोएडा में पानी के टैंक में गिरने से सात वर्षीय बच्ची की मौत
नोएडा की एक कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान के पानी के टैंक में गिरने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना सेक्टर 63 थानाक्षेत्र के चोटपुर कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में हुई। (भाषा)



