शहर-राज्य

Road Accident: देहरादून में ट्रक से टकराई, बिजनौर में ट्रक में घुसी, तिनसुकिया में पुलिया से गिरी कार, 12 की मौत

उत्तराखंड (Uttarakhand) में देहरादून जिले में सोमवार को देर रात एक कार के सड़क पर खड़े एक ट्रक में घुस जाने से उसमें सवार छह व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी तथा एक अन्य घायल हो गया । कैंट पुलिस थाने के प्रभारी कैलाश सिंह ने बताया कि यह जबरदस्त दुर्घटना ओएनजीसी चौक पर मध्यरात्रि के बाद करीब डेढ़ बजे हुई जब इनोवा कार सड़क पर रूके हुए एक ट्रक कंटेनर में घुस गयी और कार में सवार छह व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में एक व्यक्ति गंभीर घायल
उन्होंने बताया कि मृतकों में ज्यादातर छात्र हैं। इनमें से तीन युवक और तीन युवतियां हैं। सिंह ने बताया कि जिस समय कार कंटेनर में घुसी, उस समय वह बल्लूपुर फलाईओवर की तरफ से आ रही थी। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे निकटवर्ती सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना कैसे हुई । उन्होंने कहा कि दुर्घटना का कारण पता करने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं ।

यूपी के बिजनौर में कार सड़क के किनारे खडे़ ट्रक में जा घुसी, दो युवकों की मौत
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बिजनौर में मेरठ पौड़ी राजमार्ग पर तेज गति से आ रही एक कार के सड़क के किनारे खडे़ ट्रक में जा घुसने से कार सवार दो युवकों की मौत हो गई तथा कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव वाजपेयी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात लगभग 12 बजे नजीबाबाद की ओर से तेज गति से आ रही कार बिजनौर कोतवाली के नैक्सा शो रुम के सामने सड़क के किनारे खडे़ ट्रक में घुस गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार सवार तीन युवकों को निकाला और अस्पताल ले गई । अस्पताल पहुंचने पर, दिल्ली में कबाडी़ का काम करने वाले साजिद (23 वर्ष) और थाना हल्लौर के झालू निवासी अनस (22 वर्ष) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि कार चालक जैनुल का गंभीर घायल हालत में उपचार चल रहा है।

असम के तिनसुकिया में निर्माणाधीन पुलिया से कार गिर गिरी, चार लोगों की मौत
असम (Assam) के तिनसुकिया जिले में मंगलवार को निर्माणाधीन पुलिया से एक कार के गिर जाने के कारण उसमें सवार पांच वर्षीय एक बच्चे समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक परिवार के छह सदस्यों को ले जा रही कार सुबह करीब चार बजे तिनसुकिया-डिब्रूगढ़ बाईपास पर दिहिंगिया गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया से गिर गई। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button