Delhi Air Pollution: दिल्ली की वायु गुणवत्ता बेहद खराब, प्रियंका गांधी बोलीं-वायु प्रदूषण से निपटने के लिए तत्काल कदम उठाएं पीएम व दिल्ली की सीएम

Delhi Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हवा की धीमी गति के कारण प्रदूषकों का फैलाव कम होने के बीच वायु गुणवत्ता रविवार को बेहद खराब रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने यह जानकारी दी। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 386 रहा, जो शनिवार के एक्यूआई 303 से काफी अधिक है।
वायु प्रदूषण से निपटने के लिए तत्काल कदम उठाएं: प्रियंका
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या को उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से हस्तक्षेप की रविवार को अपील की। प्रियंका ने कहा कि केरल के वायनाड और फिर बिहार के बछवाड़ा से दिल्ली लौटकर सांस लेना वास्तव में चौंकाने वाला अनुभव है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कही ये बात
प्रियंका ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि पहले वायनाड और फिर बिहार के बछवाड़ा से दिल्ली की हवा में लौटना वाकई चौंकाने वाला है। इस शहर को ढंके प्रदूषण ने मानो उस पर धूल का आवरण डाल दिया हो।अब समय आ गया है कि हम सब अपनी राजनीतिक मजबूरियों की परवाह किए बिना एकजुट होकर इस बारे में कुछ करें। केंद्र और राज्य सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए, इस भयावह स्थिति को कम करने के लिए वे जो भी कदम उठाएंगे, हम सब उनका समर्थन और सहयोग करेंगे। साल दर साल दिल्ली के नागरिक इस जहरीलेपन का शिकार होते हैं और उनके पास कोई उपाय नहीं है। सांस की समस्याओं से जूझ रहे लोगों, रोजाना स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और खासकर बुज़ुर्गों को इस धुंध को दूर करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप की जरूरत है, जिसे हम सब सांस ले रहे हैं। कृपया पीएम नरेंद्र मोदी और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता तुरंत कदम उठाएं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



