Train: ट्रेनों में भीड़ पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल, कहां हैं 12 हजार स्पेशल ट्रेन?, बिहार जाने वाली ट्रेनें ठसाठस भरी; टिकट मिलना असंभव

Chhath Puja: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने त्योहारों के मौसम में कई रेलगाड़ियों में यात्रियों की भीड़ होने को लेकर शनिवार को केंद्र और बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकारों पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि फेल डबल इंजन सरकार के दावे खोखले साबित हुए हैं। राहुल गांधी ने यह सवाल भी किया कि 12000 स्पेशल ट्रेन कहां हैं?
कहा, फेल डबल इंजन सरकार के दावे खोखले
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि त्योहारों का महीना है – दिवाली, भाईदूज, छठ। बिहार में इन त्योहारों का मतलब सिर्फ आस्था नहीं, घर लौटने की लालसा है – मिट्टी की खुशबू, परिवार का स्नेह, गांव का अपनापन। लेकिन यह लालसा अब एक संघर्ष बन चुकी है। बिहार जाने वाली ट्रेनें ठसाठस भरी हैं, टिकट मिलना असंभव है, और सफर अमानवीय हो गया है। कई ट्रेनों में क्षमता से 200 प्रतिशत तक यात्री सवार हैं – लोग दरवाजों और छतों तक लटके हैं। फेल डबल इंजन सरकार के दावे खोखले हैं। कहां हैं 12,000 स्पेशल ट्रेनें? क्यों हालात हर साल और बदतर ही होते जाते हैं। क्यों बिहार के लोग हर साल ऐसे अपमानजनक हालात में घर लौटने को मजबूर हैं? अगर राज्य में रोजगार और सम्मानजनक जीवन मिलता, तो उन्हें हजोरों किलोमीटर दूर भटकना नहीं पड़ता। ये सिर्फ मजबूर यात्री नहीं, एनडीए की धोखेबाज नीतियों और नियत का जीता-जागता सबूत हैं। यात्रा सुरक्षित और सम्मानजनक हो यह अधिकार है, कोई एहसान नहीं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



