Maharashtra, Jharkhand Election Date: जानें, महाराष्ट्र और झारखंड में किस तारीख को होंगे चुनाव, कब आएंगे नतीजे

Maharashtra, Jharkhand Election Date: निर्वाचन आयोग मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड के लिए विधानसभा चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा कर दी है।
झारखंड में दो चरण में होगा चुनाव, पहले चरण में 13 और दूसरा चरण में 20 को होगा मतदान, मतगणना 23 को
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में चुनाव दो चरण में संपन्न होगा। पहले चरण का चुनाव 13 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी। झारखंड में कुल मतदाताओं की संख्या 2.6 करोड़ है, जिसमें से 1.29 करोड़ महिला और 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 11.84 लाख है। झारखंड में 29,562 पोलिंग स्टेशन होंगे।
महाराष्ट्र में एक चरण में होगा चुनाव, 20 को मतदान और 23 को मतगणना
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र में चुनाव एक चरण में संपन्न होगा। चुनाव 20 नवंबर को होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी। महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या 9.63 करोड़ है, जिनमें से 4.97 करोड़ पुरुष और 4.66 करोड़ महिला मतदाता हैं। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 20.93 लाख है। महाराष्ट्र में 1,00,186 मतदान केंद्र हैं, इस बार भी हम PWD और महिलाओं द्वारा संचालित बूथ बनाएंगे।
महाविकास अघाड़ी पूरी तरह तैयारः नाना पटोले
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने महाराष्ट्र चुनाव की घोषणा को लेकर कहा कि हम भी चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। महाविकास अघाड़ी पूरी तरह तैयार है। महाराष्ट्र में होने वाले चुनावों में महाविकास अघाड़ी अच्छे वोटों से सत्ता में आएगी।
हेमंत सोरेन ने 1.36 लाख करोड़ रुपये के कोयला बकाया मुद्दे पर प्रधानमंत्री को खुला पत्र लिखा
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कोयला कंपनियों से 1.36 लाख करोड़ रुपये की बकाया राशि के भुगतान की मांग की। हेमंत सोरेन ने जोर दिया कि वह राज्य के लिए ‘‘विशेष बजट’’ की मांग नहीं कर रहे हैं बल्कि अपना वाजिब हक मांग रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इसके कारण झारखंड के विकास को अपूरणीय क्षति हो रही है।(सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



