Cold Wave: दिल्ली में कड़ाके की ठंड, न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा; बिहार में शीतलहर का कहर जारी

Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार की सुबह लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। यहां इस साल का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। इधर, गाजियाबाद में भी ठंड की वजह से लोग घरों में दुबके रहे।
बिहार में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना
बिहार मौसम सेवा केंद्र (बीएमएसके) ने बृहस्पतिवार को राज्य में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। बीएमएसके के अनुसार, राज्य के अधिकतर जिलों में कम तापमान के साथ मध्यम से तेज गति से हवा चलने के कारण ठिठुरन बनी रहेगी। बीएमएसके के आंकड़ों के मुताबिक, गया जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सबसे कम तापमानों में से एक है। राजधानी पटना में पारा नौ डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जबकि भागलपुर जिले के सबौर क्षेत्र में 4.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



