Noida Protest: आउटसोर्सिंग एजेंसियों को डीएम की चेतावनी, श्रमिकों ने प्रदर्शन किया तो होंगी ब्लैकलिस्ट; रद होगा लाइसेंस

Noida News: गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आउटसोर्सिंग एजेंसियों और संविदाकारों को चेतावनी दी है कि यदि वे या उनके कर्मचारी किसी भी प्रकार का अनुशासनहीन व्यवहार करते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसी कंपनियों को काली सूची में डाल दिया जाएगा तथा उनका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
इसलिए दी चेतावनी
जिलाधिकारी की यह चेतावनी नोएडा में स्थित फैक्टरियों के हजारों श्रमिकों की सोमवार को व्यापक विरोध प्रदर्शन के बाद आई है, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया था। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं भी शामिल हैं।
वेतन वृद्धि संबंधी सूचना चस्पाई
डीएम ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि समस्त औद्योगिक क्षेत्रों की औद्योगिक इकाइयों एवं जनपद के विभिन्न स्थानों पर शासन द्वारा की गई वेतन वृद्धि संबंधी सूचना चस्पा कर दी गई है। इसके माध्यम से सभी श्रमिक अपने वेतन में हुई वृद्धि की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।श्रमिकों सेअनुरोध है कि वे संबंधित सूचना का अवलोकन अवश्य करें।

शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील
डीएम के मुताबिक, समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट औद्योगिक इकाइयों का नियमित भ्रमण कर श्रमिकों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें वेतन वृद्धि व शासन के निर्णयों की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही, सभी से कार्यस्थल पर लौटकर काम करने तथा शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।
श्रमिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनी
ग्लोबल ऑटो टेक लि. कंपनी ग्रेटर नोएडा के श्रमिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनी, कंपनी प्रबंधन के लोग भी रहे मौजूद तथा वेतन वृद्धि के साथ-साथ शासन द्वारा उनके हितों में लिए गए निर्णयों की जानकारी उपलब्ध कराई। साथ ही, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
नोएडा में हिंसक प्रदर्शन के बाद औद्योगिक इकाइयां पटरी पर लौटी, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, नोएडा स्थित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में बीते एक सप्ताह से जारी हिंसक धरना प्रदर्शन के बाद बुधवार को अधिकतर इकाइयां खुल गईं और वहां कामगार काम करने के लिए आए। क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थान भी खुल गए हैं।
ग्रेटर नोएडा में विश्वविद्यालय कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन; कड़ी निगरानी के बीच स्थिति शांत
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया, जबकि पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। पुलिस ने बताया कि यहां स्थिति शांतिपूर्ण है। (भाषा)



