Baisakhi 2025: देशभर में बैसाखी की धूम, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं

Baisakhi: देशभर में रविवार को बैसाखी धूमधाम से मनाई जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर देशवासियों को बैसाखी की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा है कि लोगों को बैसाखी की बधाई दी और कामना की कि हम सदैव एकजुटता, कृतज्ञता और नवीनीकरण की भावना का जश्न मनाएं।
जानें, कब और क्यों मनाई जाती है बैसाखी
बैसाखी बैसाख महीने का पहला दिन होता है। यह पर्व मुख्य रूप से कृषि से जुड़ा हुआ है और नई फसल की कटाई की खुशी में मनाया जाता है। बैसाखी न केवल फसलों के पकने का संकेत देता है, बल्कि यह सिख धर्म के नववर्ष का भी प्रतीक है। इसी दिन 1699 में सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना की थी। इस साल यह पर्व 13 अप्रैल को मनाया जा रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को बैसाखी, विशु और फसल के अन्य त्योहारों की शुभकामनाएं दीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को फसल त्योहारों बैसाखी, विशु, बहाग बिहू, पोइला बोइशाख, मेशादी, वैशाखादी और पुथंडु पिरापु की पूर्वसंध्या पर शुभकामनाएं दीं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैसाखी पर प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बैसाखी पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि बैसाखी का त्योहार हमारी गौरवशाली परम्परा एवं समृद्ध विरासत का प्रतीक है। (भाषा)



