National Farmers Day: देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को जयंती पर पीएम मोदी और सीएम योगी ने किया नमन

Chaudhary Charan Singh Jayanti: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को मंगलवार को जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमन किया।
राष्ट्र निर्माण में चौधरी चरण सिंह के योगदान को कृतज्ञ राष्ट्र कभी भुला नहीं सकता: नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। उन्होंने समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के साथ-साथ कृषि की प्रगति और किसानों की समृद्धि के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को कृतज्ञ राष्ट्र कभी भुला नहीं सकता।
चौधरी चरण सिंह का संपूर्ण जीवन गांव, गरीब और किसानों के लिए समर्पित रहा : योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि किसानों के मसीहा, पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। अन्नदाता किसानों व प्रदेश वासियों को किसान दिवस की हार्दिक बधाई। चौधरी साहब का संपूर्ण जीवन गांव, गरीब, शोषित, वंचित और किसान बंधुओं की समृद्धि में समर्पित रहा। डबल इंजन सरकार उनकी प्रेरणा से किसान साथियों के हितों के लिए प्रतिबद्धता पूर्वक कार्य कर रही है।
जानें, कब और क्यों मनाया जाता है किसान दिवस
13 दिसंबर को भारत के पांचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्म हुआ था। उन्होंने किसानों के जीवन और स्थितियों को बेहतर बनाने के लिए कई नीतियों की शुरुआत की थी। भारत सरकार ने वर्ष 2001 में चौधरी चरण सिंह के सम्मान में हर साल 23 दिसंबर को किसान दिवस (Kisan Diwas) के रूप में मनाने का फैसला किया। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



