PM Modi: पीएम मोदी पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार के शपथ समारोह के लिए ब्रिगेड ग्राउंड पहुंचे

Suvendu Adhikari: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए सुवेंदु अधिकारी के साथ पहुंचे मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। जय श्री राम के नारों के बीच मोदी खुले वाहन पर सवार होकर समारोह स्थल में दाखिल हुए और हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया।
हेलीकॉप्टर के जरिये रेस कोर्स मैदान पहुंचे
प्रधानमंत्री सुबह करीब दस बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिये रेस कोर्स मैदान पहुंचे, जहां से वह सड़क मार्ग से समारोह स्थल पर पहुंचे। सुबह से ही हजारों भाजपा समर्थक शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बनने के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड में जमा होने लगे। भाजपा ने 294-सदस्यीय विधानसभा में 207 सीट जीतकर राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत किया है।
सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण से पहले कोलकाता में सुरक्षा कड़ी की गई
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के पहले शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व शनिवार को कोलकाता के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित सुवेंदु अधिकारी के आवास, ब्रिगेड परेड ग्राउंड और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां अधिकारी के चिनार पार्क स्थित आवास के बाहर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात देखे गए। (भाषा)



