Narendra Modi: पीएम मोदी ने 35,440 करोड़ रुपये की दो बड़ी कृषि योजनाओं का किया शुभारंभ, जयप्रकाश नारायण और नानाजी देशमुख को जयंती पर दी श्रद्धांजलि

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 35,440 करोड़ रुपये के कुल परिव्यय वाली दो प्रमुख कृषि योजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें आयात पर निर्भरता कम करने के लिए एक दलहन आत्मनिर्भरता मिशन शामिल है। पीएम मोदी ने किसानों से घरेलू और वैश्विक मांग को पूरा करने के लिए उत्पादन बढ़ाने का आह्वान भी किया। पीएम ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि किसान, पशुपालक और मछुआरा भाई-बहनों के कल्याण के लिए हम दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। इसी दिशा में दिल्ली से हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास मेरे लिए गर्व का क्षण है।
जयप्रकाश नारायण और नानाजी देशमुख की जयंती पर दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी जयप्रकाश नारायण और जनसंघ के नेता व समाजसेवी नानाजी देशमुख की जयंती पर उन्हें शनिवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकनायक (जेपी नारायण) ने आम लोगों के सशक्तीकरण और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



