Dushyant Chautala की बढ़ीं मुश्किलें, जजपा के दो और विधायकों ने छोड़ी पार्टी, जानें-कितने एमएलए बचे

हरियाणा (Haryana) में विधानसभा चुनाव से पहले जननायक जनता पार्टी (जजपा) को झटके पर झटके लग रहे हैं। अब इस पार्टी के दो और विधायकों ने बृहस्पतिवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। बरवाला से विधायक जोगी राम सिहाग तथा नरवाना के विधायक राम निवास सुरजाखेड़ा ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया। दोनों विधायक लोकसभा चुनाव के समय से ही भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। जजपा की तरफ से दोनों के विरुद्ध दलबदल कानून के तहत कार्रवाई के लिए विधानसभा स्पीकर के पास याचिका दायर की गई है। स्पीकर की ओर से इस याचिका पर कोई फैसला आने से पहले ही दोनों जजपा विधायकों ने विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी।
सबसे पहले अनूप धानक ने दिया था दुष्यंत को झटका
हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से जननायक जनता पार्टी लगातार बिखराव की तरफ बढ़ रही है। चुनाव की घोषणा के बाद पूर्व मंत्री अनूप धानक ने सबसे पहले दुष्यंत चौटाला को झटका दिया। इसके बाद शाहबाद के विधायक रामकरण काला तथा टोहाना के विधायक एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने जजपा को अलविदा कहा। लोकसभा चुनाव के दौरान जजपा विधायक जोगीराम सिहाग तथा रामनिवास सुरजाखेड़ा खुलकर भाजपा के समर्थन में आ गए थे। लोकसभा चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद जजपा द्वारा इन विधायकों के खिलाफ स्पीकर की अदालत में याचिका दायर की गई। इस बीच, गुहला चीका से जजपा विधायक ईश्वर सिंह ने जजपा छोड़ दी और कांग्रेस नेत्री कुमारी सैलजा से मुलाकात की। अगले एक-दो दिनों में ईश्वर सिंह विधिवत रूप से कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं।
राजीव गौतम और अमरजीत ढांगा भी जजपा को कह सकते हैं अलविदा!
शाहबाद के जजपा विधायक रामकरण काला दो दिन पहले ही नई दिल्ली में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। जजपा में अब दुष्यंत चौटाला तथा उनकी माता नैना चौटाला के अलावा विधायक अमरजीत ढांडा तथा रामकुमार गौतम ही बचे हैं। रामकुमार गौतम पहले ही दुष्यंत चौटाला के खिलाफ हैं। दो दिन पहले किरण चौधरी के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र पर रामकुमार गौतम, जोगीराम सिहाग, अनूप धानक, रामनिवास सुरजाखेड़ा के हस्ताक्षर हैं। माना जा रहा है कि रामकुमार गौतम भी किसी भी समय जजपा को अलविदा कह सकते हैं, जबकि अमरजीत ढांडा अभी असमंजस में हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



