Robert Vadra: गुरुग्राम भूमि सौदा मामले में पूछताछ के लिए ईडी के समक्ष पेश हुए रॉबर्ट वाड्रा

Robert Vadra: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बहनोई और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा हरियाणा में गुरुग्राम भूमि सौदे से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ मध्य दिल्ली के सुजान सिंह पार्क स्थित अपने आवास से वाड्रा (56) एपीजे अब्दुल कलाम रोड स्थित ईडी मुख्यालय तक करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मीडियाकर्मी भी मौजूद थे।
कहा, जांच एजेंसी के साथ सहयोग करेंगे
पत्रकारों से बातचीत में वाड्रा ने आरोप लगाया कि यह कुछ और नहीं बल्कि राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रेरित है। जब भी मैं अल्पसंख्यकों के लिए बोलता हूं तो वे मुझे रोकने की कोशिश करते हैं, हमें कुचलते हैं। उन्होंने संसद में राहुल (गांधी) को भी रोकने की कोशिश की। यह एजेंसियों का दुरुपयोग है और यह राजनीतिक प्रतिशोध है। उन्होंने कहा कि वह पहले की तरह ही जांच एजेंसी के साथ सहयोग करेंगे। सूत्रों ने बताया कि वाड्रा को इस मामले में पहली बार आठ अप्रैल को तलब किया गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए थे और नयी तारीख का अनुरोध किया था। वाड्रा की पत्नी प्रियंका गांधी वाड्रा केरल के वायनाड से कांग्रेस की सांसद हैं। वाड्रा के खिलाफ यह जांच हरियाणा के शिकोहपुर में एक भूमि सौदे से जुड़ी है।
जानें, क्या है मामला
जांच फरवरी 2008 में हुए एक भूमि सौदे से संबंधित है, जिसमें वाड्रा से जुड़ी एक कंपनी, स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड ने गुरुग्राम के शिकोहपुर में ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज नामक कंपनी से 7.5 करोड़ रुपये की कीमत पर 3.5 एकड़ जमीन खरीदी थी। आरोप है कि इस जमीन का दाखिल-खारिज कुछ ही घंटों में हो गया। हरियाणा पुलिस ने इस सौदे को लेकर 2018 में मामला दर्ज किया था। सूत्रों ने बताया कि ईडी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज करेगी। इससे पहले संघीय जांच एजेंसी ने धन शोधन के एक अलग मामले में वाद्रा से पूछताछ की थी।
उम्मीद है अदाणी से जल्द पूछताछ की जाएगी: रॉबर्ट वाड्रा
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने सोमवार को कहा कि गलत कार्यों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन्हें उम्मीद है कि कारोबारी गौतम अदाणी से भी पूछताछ की जाएगी। भगोड़े मेहुल चोकसी की बेल्जियम में गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर वाड्रा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति जो गलत काम करता है, उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि अदाणी जी से भी पूछताछ की जाएगी, जिसके बारे में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद में सवाल करते हैं। (भाषा)



