AQI: धुंध की मोटी चादर की चपेट में दिल्ली, जहांगीरपुरी में एक्यूआई 452 दर्ज

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह धुंध की मोटी चादर छाए रहने के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 332 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, जहांगीरपुरी में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही। यहां एक्यूआई 452 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है।
दिल्ली में एक्यूआई के 324 पर पहुंचने के बाद ग्रैप का दूसरा चरण लागू
दिल्ली में सोमवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किए जाने के बाद अधिकारियों ने पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में ग्रेप के दूसरे चरण के प्रतिबंध लागू कर दिए। वहीं, अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली में एक्यूआई इस मौसम में पहली बार बेहद खराब श्रेणी में पहुंचा
दिल्ली की वायु गुणवत्ता सोमवार को इस मौसम में पहली बार बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई और सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 312 दर्ज किया गया। वहीं, सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अन्य मौसम केंद्रों जैसे पालम में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 16.8 डिग्री, रिज में 17.2 डिग्री और आया नगर में 16.7 डिग्री दर्ज किया गया। (भाषा)


