देश-दुनिया

Weather Update: दिल्ली में बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी

Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। येलो अलर्ट का मतलब सतर्क और जागरूक रहना है। मौसम विभाग या प्रशासन द्वारा यह चेतावनी तब जारी की जाती है, जब वर्तमान में कोई बड़ा खतरा नहीं होता, लेकिन भविष्य में मौसम बिगड़ने या किसी संभावित आपदा की आशंका होती है।

दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश; शुक्रवार और शनिवार को और बारिश की संभावना
दिल्ली के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 0.8 डिग्री ज्यादा है। सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में, आयानगर में सबसे ज्यादा 3.9 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, इसके बाद पालम में 3.1 मिमी और लोधी रोड पर 0.8 मिमी बारिश हुई। इस दौरान सफदरजंग और रिज में कोई बारिश नहीं हुई।

भारी बारिश से कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित, उप्र में पांच लोगों की मौत
भारी बारिश ने बृहस्पतिवार को कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित किया। उत्तर प्रदेश में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बिहार में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण सड़कें अवरुद्ध हुईं और पश्चिम बंगाल में ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। अधिकारियों के अनुसार उत्तर प्रदेश में चित्रकूट, अमेठी और बाराबंकी जिलों में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हुई। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button