देश-दुनिया

Independence Day: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 78 वीरता पुरस्कारों को दी मंजूरी, दिल्ली पुलिस के 17 अधिकारियों-कर्मियों को सेवा पदक से नवाजा

Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रक्षा बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मियों के लिए 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी, जिनमें 13 मरणोपरांत दिए जाएंगे। इन पुरस्कारों में नौ कीर्ति चक्र, 19 शौर्य चक्र, पांच बार टू सेना मेडल (वीरता) और 36 सेना मेडल (वीरता) शामिल हैं।

स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली पुलिस के 17 अधिकारियों-कर्मियों को सेवा पदक से नवाजा गया
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस के 17 अधिकारियों और कर्मियों को उनकी सेवाओं के लिए पदक प्रदान किए गए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उनके मुताबिक, इनमें दो अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक (पीएसएम) और 15 कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक (एमएसएम) दिया गया है।

इनको भी मिला पदक
विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक पाने वालों में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता और उपनिरीक्षक राजेश कुमार शामिल हैं। 2010 बैच के अधिकारी गुप्ता फिलहाल अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) के तौर पर तैनात हैं। विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से होम गार्ड के महानिदेशक (डीजी) एस के शौकीन को भी नवाजा गया है। वहीं, सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में आईपीएस के 2007 बैच के अधिकारी सुरेंद्र कुमार और नूपुर प्रसाद के नाम प्रमुख हैं। सुरेंद्र कुमार संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) में और प्रसाद संयुक्त पुलिस आयुक्त (आर्थिक अपराध शाखा) के पद पर तैनात हैं। निरीक्षक राकेश कुमार भट्ट व तारा दत्त को भी सराहनीय सेवा पदक दिया गया है। सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) कैलाश चंद, एएसआई अंजना कुमारी, एएसआई सतीश पाटिल, एएसआई आनंद बल्लभ, एएसआई प्रदीप कुमार शर्मा, एएसआई बिंदु व एएसआई दिनेश कुमारी को भी सराहनीय सेवा पदक से नवाजा गया है। उनके मुताबिक, हेड कांस्टेबल रैंक में सराहनीय सेवा पदक के लिए ललिता, शर्मिला, पुष्पा रानी और विजय सिंह के नाम शामिल हैं। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button