UP News: योगी आदित्यनाथ बोले-सनातन आस्था के साथ जो भी खिलवाड़ करेगा, वह भुक्तभोगी होगा

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देवरिया की कनेक्टिविटी को बेहतरीन कर रहे हैं।जितनी अच्छी कनेक्टिविटी होगी, जितना अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर होगा, विकास उतनी ही तेज गति के साथ आगे बढ़ेगा। जन-आस्था के साथ जो खिलवाड़ करेगा, उसके प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कार्य करेंगे।
कहा, गुंडागर्दी करने वालों की खैर नहीं
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुझे याद है कि वर्ष 2016 में मदनपुर थाने से कैसे असलहे लूट लिए गए थे और पूरे थाने को आग लगा दिया गया था। आज मुहर्रम है, कहीं किसी का अता-पता नहीं है। कोई अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन, सड़कों पर गुंडागर्दी नहीं कर सकता है। अगर करेगा तो फिर सात पीढ़ियों तक भुगतेगा भी।
डबल इंजन की सरकार ने समाजवादियों की डकैती को रोका
योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर चंदे की जांच पर कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट आई, तुरंत कार्रवाई प्रारंभ हो गई। सनातन आस्था के साथ जो भी खिलवाड़ करेगा, वह भुक्तभोगी होगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार को कौन नहीं जानता है। नौजवानों से नौकरियों के लिए पैसा वसूली करते थे, पूरा खानदान वसूली के लिए निकल पड़ता था। डबल इंजन की सरकार ने समाजवादियों की डकैती को रोका है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



