Raghav Chadha: राघव चड्ढा बोले-घायल हूं इसलिए घातक हूं, आप ने साधा निशाना

AAP: आम आदमी पार्टी (आप) और उसके राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा के बीच शनिवार को उस समय जुबानी जंग तेज हो गई, जब राघव चड्ढा ने पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके खिलाफ सुनियोजित अभियान चलाया गया है। आरोपों को झूठा करार देते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि मैंने हमेशा संसद में जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया है, मैं वहां सरकार पर दबाव डालने के लिए हूं, हंगामा करने के लिए नहीं।
आप ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता के पद से हटाने का किया आग्रह
आप ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर अपने सांसद राघव चड्ढा को सदन में पार्टी के उप-नेता के पद से हटाने का आग्रह किया और उनके स्थान पर पंजाब के सांसद अशोक मित्तल का नाम प्रस्तावित किया है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, पत्र में कहा गया है कि चड्ढा को सदन में बोलने के लिए आप के निर्धारित कोटे से समय आवंटित नहीं किया जाना चाहिए। चड्ढा, पंजाब से राज्यसभा सांसद भी हैं।
राज्यसभा में आप के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव ने सदन में उठाए मुद्दों का वीडियो किया साझा
आप के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने सदन में पार्टी के उपनेता के रूप में उठाए गए मुद्दों पर प्रकाश डाला है। राज्यसभा सदस्य ने यह वीडियो उन्हें पद से हटाए जाने के कुछ घंटों बाद पोस्ट किया।
राघव चड्ढा संसद में पंजाब के मुद्दों को उठाने में विफल रहे, उनकी चुप्पी निराशाजनक: आम आदमी पार्टी
आप ने संसद में पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों को उठाने में कथित तौर पर विफल रहने पर राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी निष्क्रियता पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ है। एक संयुक्त बयान में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, आप के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और पार्टी नेता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि कई अहम मामलों पर चड्ढा की चुप्पी निराशाजनक है। (भाषा)



