Bihar Politics: नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, कहा-नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग व मार्गदर्शन रहेगा

Nitish Kumar: बिहार (Bihar) के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। नीतीश ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। नीतीश लोकभावन में कुछ देर ही रुके। नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय चौधरी के साथ इस्तीफा देने के लिए लोक भवन पहुंचे।
कहा, सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया
नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।
देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा बिहार
नीतीश के मुताबिक, इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पांच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए सात निश्चय-तीन का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केंद्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए नरेंद्र मोदी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टाप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

बिहार बहुत आगे बढ़ेगा
नीतीश ने कहा कि हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा। सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं तथा शुभकामनाएं देता हूं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



