राहुल बोले, भाजपा सांसदों ने हमें संसद भवन में जाने से रोका, नड्डा ने कांग्रेस से आंबेडकर के मुद्दे पर झूठ न फैलाने को कहा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के धक्का-मुक्की के आरोपों को खारिज करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि सत्तापक्ष के सदस्यों ने विपक्षी सांसदों को संसद भवन में जाने से रोका और धमकी दी। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के साथ किए गए उसके व्यवहार को लेकर नए सिरे से हमला किया और कहा कि विपक्षी दल को झूठ फैलाना बंद करना चाहिए।
कांग्रेस ने वीडियो जारी कर कहा, भाजपा सदस्यों ने खरगे और महिला सांसदों के साथ की धक्का-मुक्की
कांग्रेस ने वीडियो जारी कर दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों ने संसद परिसर में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई महिला सांसदों के साथ धक्का-मुक्की की, जो भाजपा की तानाशाही को दिखाता है। पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर यह वीडियो जारी कि,या जिसमें दोनों पक्ष के सांसद बाबा साहेब आंबेडकर की तस्वीर वाली तख्तियां लेकर नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं।
बाबा साहेब के चित्र के साथ छेड़छाड़ कर भाजपा ने फिर उनका अपमान किया : कांग्रेस
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने विपक्षी दल के प्रदर्शन से संबंधित बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की तस्वीरों को हटाकर उनकी जगह अमेरिकी उद्योगपति जॉर्ज सोरोस के चित्र का इस्तेमाल किया, जो संविधान निर्माता का अपमान और उपहास करने वाली बात है। गृह मंत्री अमित शाह की एक टिप्पणी के खिलाफ विपक्षी दलों के सांसदों ने बुधवार को संसद परिसर में बाबासाहेब की तस्वीर वाले पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया था।
जेपी नड्डा ने कांग्रेस से आंबेडकर के मुद्दे पर झूठ न फैलाने को कहा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के साथ किए गए उसके व्यवहार को लेकर नए सिरे से हमला किया और कहा कि विपक्षी दल को ‘झूठ’ फैलाना बंद करना चाहिए। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर आंबेडकर और उनकी विरासत का अपमान करने और उनकी अनदेखी करने के अपनी पार्टी के आरोपों को दोहराया और मोदी सरकार द्वारा उनकी विरासत का सम्मान करने के लिए किए गए विभिन्न कार्यों का हवाला दिया। (भाषा)



