राजनीति

Gujarat Civic Polls Result: गुजरात निकाय चुनाव, गांधीनगर में भाजपा की शानदार जीत, कांग्रेस दूसरे नंबर पर, आप खाता भी नहीं खोल सकी; जाने-किसने क्या कहा?

Gujarat Politics: गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) के चुनाव में 44 में से 38 सीट पर जीत दर्ज की तथा थारा और ओखा नगरपालिकाओं में भी अपनी सत्ता बरकरार रखी।

गांधीनगर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही, आप खाता भी नहीं खोल पाई
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित नतीजों के मुताबिक, गांधीनगर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पांच सीट के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती। आम आदमी पार्टी (आप) इस बार अपना खाता भी नहीं खोल पाई। उसने पिछले जीएसमी चुनाव में एक सीट जीती थी। पिछला जीएमसी चुनाव अक्टूबर 2021 में हुआ था, जिसमें भाजपा ने 44 में से 41 सीट जीती थीं, जबकि कांग्रेस को दो और आप को एक सीट मिली थी।

भाजपा ने बायड, छोटाउदेपुर और खेरालु नगरपालिकाओं के उपचुनाव में भी तीन सीट जीतीं
भाजपा ने बायड, छोटाउदेपुर और खेरालु नगरपालिकाओं के उपचुनाव में भी तीन सीट जीतीं, जबकि कांग्रेस और आप ने क्रमशः राजकोट जिले की पधारी तालुक पंचायत सीट और देवभूमि द्वारका जिले की भड़थर जिला पंचायत सीट पर विजय प्राप्त की। बनासकांठा जिले की थारा नगरपालिका में भाजपा ने 24 में से 19 सीट जीतीं, जबकि कांग्रेस को बाकी पांच सीट मिलीं। देवभूमि द्वारका जिले की ओखा नगरपालिका में भाजपा ने 36 में से 33 सीट जीतीं। इनमें चार सीट ऐसी थीं, जिन पर कोई मुकाबला नहीं हुआ, क्योंकि मैदान में सिर्फ भाजपा के उम्मीदवार थे। यानी 29 सीट के लिए वोट डाले गए, जिनमें से तीन कांग्रेस ने जीतीं।

अमित शाह ने जीत पर भाजपा को दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात निकाय चुनावों में शानदार जीत के लिए भाजपा को बधाई दी।

सरकार विकसित गुजरात-विकसित भारत की दिशा में काम करना जारी रखेगीः भूपेंद्र पटेल
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि ये नतीजे पार्टी की विकास-उन्मुख नीतियों में लोगों के भरोसे को दर्शाते हैं। पटेल ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में गुजरात के लोगों के साथ-साथ पूरे देश ने भाजपा की विकास की राजनीति में अटूट विश्वास जताया है। उन्होंने पार्टी की जीत के लिए मतदाताओं का आभार जताया और कहा कि सरकार विकसित गुजरात-विकसित भारत की दिशा में काम करना जारी रखेगी।

हमारे जनप्रतिनिधि जनता से जुड़े मुद्दे उठाते रहेंगेः कांग्रेस
गुजरात कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मनीष दोषी ने नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गांधीनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त टक्कर दी। उन्होंने भाजपा पर चुनाव के दौरान धन-बल का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। दोषी ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सीट संख्या बढ़ाई है और उसका वोट प्रतिशत 15 फीसदी से ज्यादा बढ़ा है। जीएमसी चुनाव के नतीजे हमारे लिए अप्रत्याशित थे। हमारे जनप्रतिनिधि जनता से जुड़े मुद्दे उठाते रहेंगे।

अगले चुनाव से पहले संगठनात्मक कमियों को दूर करने के लिए काम करेगीः आप
आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई के महासचिव मनोज सोरठिया ने कहा कि पार्टी ने गांधीनगर में मतदाताओं के फैसले को स्वीकार कर लिया है और अगले चुनाव से पहले संगठनात्मक कमियों को दूर करने के लिए काम करेगी। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button