क्राइम

Haryana News: हरियाणा के डीजीपी बोले, गैंग शैली प्रमोट करने वाले गवैयों को अपराधी की तरह देखें; गैंग कल्चर खत्म करें

Haryana Police: हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह ने रविवार को पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखा है। इसमें आपरेशन ट्रैकडाउन की सफलता के साथ-साथ हरियाणा से गैंग कल्चर खत्म करने की बात कही है। गैंग शैली प्रमोट करने वाले गवैयों को अपराधियों की तरह देखने की बात भी लिखी है।

डीजीपी ने पत्र में लिखी ये बातें
डीजीपी ने पत्र में लिखा है कि मेरे प्रिय चौकी इंचार्ज, एसएचओ, डीएसपी/एसीपी, एसपी/डीसीपी, सीपी/आईजी, एडीजी, पुलिस रेंज,
ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत गिरोहबाजों और कट्टाधारियों के विरुद्ध पिछले अट्ठारह दिन से चल अभियान में सफलता के लिए हार्दिक बधाई। अब तक आप साठ से भी अधिक हत्याओं की योजना को विफल कर चुके हैं। ये एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। सरकार एवं पुलिस मुख्यालय को आप पर गर्व हैं।

ये वो लोग हैं जो दिन-रात इसी ताक में रहते हैं कि किसको नोच-खसोट, लूट-पाट लें। धमकी देकर और गोली-बारी कर ये दहशत का माहौल खड़ा करते हैं। मकसद वर्चस्व स्थापित करना होता है जिससे कि ये वसूली कर सकें, ऐशो-आराम की जिंदगी जी सकें।

ऐसे पंद्रह सौ से भी अधिक से आपने ढाई सौ से भी अधिक कट्टा-रिवाल्वर-पिस्तौल और साढ़े तीन सौ से ऊपर जिंदा कारतूस बरामद किया है। उन्हें जेल भेजकर आपने उनके नाखून-दांत तोड़ दिए हैं। इनमें से सवा सौ ने हथियार खरीदा ही था इसलिए कि उन्हें अपने शिकार से फौरन दुश्मनी निकालनी थी।

ऐसे अपराधियों में सैंकड़ों का बेल कैंसिल कराकर, सैंकड़ों करोड़ की काली कमाई को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर, इनके नाजायज कब्जे ढहाकर, इनके ख़िलाफ़ संगठित अपराध की सख़्त धाराएँ लगाकर, इनको नेक-चलनी के लिए बाउंड डाउन कर और इनकी हिस्ट्री शीट खोलकर आपने इन पर चौतरफा हमला किया है।

प्रजातंत्र में क़ानून का राज चलता है। ऐसे समाज-विरोधी तत्वों का जेल आना-जाना लगा रहता है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप लगातार जाँचते रहेंगे कि जो जेल से बाहर हैं वो खामोश है, दोबारा गिरोहबंदी और हथियारबंदी नहीं कर रहे हैं, लोगों को वसूली के लिए डरा-धमका नहीं रहे हैं। उन्हें अपराध का रास्ता छोड़ कानून के हिसाब से चलने के लिए बाध्य करना आपका ही काम है।

इनके ख़िलाफ दर्ज मुकदमों की मजबूती से पैरवी करें। आर्म्स एक्ट वाले मुकदमों में सजा जरूर करायें। अपराधियों को संदेश जाना चाहिए कि जिस तमंचे पर वे उछल रहे हैं वहीं उनको सालों जेल की हवा खिलाएगा।

पैसे और हनक के चक्कर में गैंग जीवन-शैली को म्यूजिक और वीडियो के ज़रिए युवाओं में प्रचारित करने वाले गवैयों को भी अपराधी की तरह ही देखें और उनके ख़िलाफ़ क़ानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करें। ये वो लोग हैं जो युवाओं को दी गई माता-पिता की सीख, शिक्षकों की पढ़ाई और समाज के अनुशासन को मिनटों में हवा कर देते हैं।

आपको इनके पूरे क्राइम इकोसिस्टम को ध्वस्त करना है। जो इनकी काली कमाई को संभालते हैं, हथियार सप्लाई करते हैं, छिपने की जगह देते हैं और इनके पक्ष में सोशल मीडिया और आम जन में हवा बनाते हैं, उनके खिलाफ भी लगातार क़ानून के अनुसार कार्रवाई करते रहें।

ये कभी नहीं खत्म होने वाला काम है। ये हम सबका सौभाग्य का है कि सभ्यता की वर्बरता के ख़िलाफ़ इस लड़ाई में हम अग्रिम मोर्चे पर हैं। हमारा एक बड़ा तंत्र है। कट्टापंथी और रंगदार मुट्ठी-भर हैं। इधर-उधर भागते रहते हैं। इनको नाथने की पूरी क्षमता, इक्छा-शक्ति और कानूनी ताकत हमारे पास है।

जीत हमारी नियति है।

आपने गुरु गोबिंद सिंह जी की वाणी तो सुनी ही होगी:
चिडिया नाल में बाज लड़ावां,
गीदडां नू में शेर बणावां,
सवा लाख ते एक लड़ावां,
तां गोविंदसिंह नाम धरावां,
ऐसा ही सोचें।
ईश्वर आपको आपके मिशन में कामयाब करे।
जय हिंद।
ओपी सिंह
डीजीपी, हरियाणा
(सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

https://x.com/opsinghips/status/1992427829792014572

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button