Bus Fire: आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस में लगी आग, 20 लोगों की मौत; पीएम मोदी ने जताया दुख

Kurnool Bus Fire: बसों में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आंध्र प्रदेश में हैदराबाद से बेंगलुरू जा रही एक निजी बस में शुक्रवार को एक दोपहिया वाहन से टक्कर के बाद आग लग गई। हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई। अधिकतर व्यक्तियों की मौत आग में झुलसने से हुई। यह जानकारी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। देश में कई जगह इससे पहले भी इस तरह के हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है।
पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश में बस हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में बस में आग लगने की घटना में लोगों की मौत पर शुक्रवार को दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया कि आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में दुर्घटना के कारण हुई जनहानि से अत्यंत दुखी हूं।
मल्लिकार्जुन खरगे बोले, बस में आग लगने जैसी घटनाओं के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल में एक बस में आग लगने के कारण कई लोगों की मौत पर शुक्रवार को दुख जताया और कहा कि बार-बार होने वाली इन दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। गौरतलब है कि देश में विभिन्न स्थानों पर इस तरह की घटनाओं में कई लोगों की मौत हो चुकी है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



