Delhi Politics: यमुना नदी तट का पुनरुद्धार सर्वोच्च प्राथमिकता: प्रवेश वर्मा

Delhi News: दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रवेश वर्मा ने रविवार को कहा कि यमुना नदी तट का विकास उनकी पार्टी की प्राथमिकता होगी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर शनिवार को चर्चा तेज हो गई। पार्टी ने 26 साल से अधिक समय के बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करते हुए 70 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीती हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित
प्रवेश वर्मा ने यहां अपने पैतृक गांव मुंडका में अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि पिछली सरकार ने दिल्ली के ग्रामीण इलाकों की उपेक्षा की है और सड़कों की हालत खराब है। वर्मा ने कहा कि यमुना नदी तट का पुनरुद्धार हमारी प्राथमिकताओं में होगा। वर्मा ने कहा कि वह अपने पिता के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आप प्रमुख केजरीवाल को हराकर प्रवेश वर्मा ने किया बड़ा उलटफेर
आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हराकर भाजपा के प्रवेश वर्मा ने शनिवार को दिल्ली की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया। वर्मा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कड़े मुकाबले में 4,089 मतों के अंतर से हराया। वर्मा को 30,088 वोट मिले, जबकि केजरीवाल को 25,999 और कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित को 4,568 वोट मिले। (भाषा)



