Hindi Diwas 2025: हिंदी दिवस पर पीएम मोदी बोले-विश्व पटल पर हिंदी का बढ़ता सम्मान गर्व की बात, अमित शाह की अपील-सभी भारतीय भाषाओं का करें सम्मान

Hindi Diwas: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशवासियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनसे हिंदी सहित सभी भारतीय भाषाओं को समृद्ध बनाने व उन्हें गर्व के साथ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आग्रह किया। संविधान सभा द्वारा 14 सितंबर, 1949 को हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाने के उपलक्ष्य में हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि आप सभी को हिंदी दिवस की अनंत शुभकामनाएं। हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी पहचान और संस्कारों की जीवंत धरोहर है। इस अवसर पर आइए, हम सब मिलकर हिंदी सहित सभी भारतीय भाषाओं को समृद्ध बनाने और उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक गर्व के साथ पहुंचाने का संकल्प लें। विश्व पटल पर हिंदी का बढ़ता सम्मान हम सबके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
हिंदी दिवस पर अमित शाह की अपील, सभी भारतीय भाषाओं का करें सम्मान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी से सभी भारतीय भाषाओं का सम्मान करने तथा एक आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी व विकसित देश बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
हिंदी दिवस पर योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने प्रदेशवासियों को दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नेताओं ने हिंदी दिवस पर प्रदेश वासियों को बधाई दी है। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रदेश वासियों को हिंदी दिवस की हार्दिक बधाई! हिंदी हमारी एकता का आधार और अस्मिता की प्रहरी है। समस्त भारतीयों को एक सूत्र में पिरोती हमारी परंपराओं की संवाहिका हिंदी हमें हमारी जड़ों से जोड़ती है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों की दी हिंदी दिवस की बधाई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी सरकार सभी भाषाओं का सम्मान करती है। मुख्यमंत्री ने राज्य में हिंदी भाषी लोगों के कल्याण के लिए अपनी सरकार द्वारा उठाए गए कई कदमों का भी ज़िक्र किया, जिसमें उन क्षेत्रों में हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में मान्यता देना भी शामिल है जहां 10 प्रतिशत आबादी हिंदी बोलती है।
14 सितंबर : हिंदी दिवस के रूप में मनाने का फैसला
हिंदी उन भाषाओं में शुमार है, जो दुनिया में सबसे ज्यादा बोली और समझी जाती है। महात्मा गांधी ने कहा था कि हिंदी जनमानस की भाषा है और उन्होंने इसे देश की राष्ट्रभाषा बनाने की सिफारिश भी की थी। हिंदी को 14 सितंबर 1949 को राजभाषा का दर्जा दिया गया, लिहाजा इस दिन को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। संविधान सभा ने देवनागरी लिपि वाली हिंदी के साथ ही अंग्रेजी को भी आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया। वर्ष 1949 में आज ही के दिन संविधान सभा ने हिंदी को भारत की राजभाषा घोषित किया। हालांकि, पहला हिंदी दिवस 14 सितंबर 1953 को मनाया गया। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



