Manipur Politics: पीएम मोदी बोले-मणिपुर को बनाना चाहते हैं शांति और समृद्धि का प्रतीक, मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा-कहां है आपका राजधर्म?

Manipur News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मणिपुर में विभिन्न संगठनों से हिंसा छोड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य के लोगों के साथ है और इसे शांति व समृद्धि का प्रतीक बनाना चाहती है। इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी ने सवाल किया कि आपका राजधर्म कहां है?
चूड़ाचांदपुर में मोदी बोले, मैं आपके साथ हूं
मई 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद राज्य की अपनी पहली यात्रा के दौरान कुकी बहुल चूड़ाचांदपुर जिले में जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि शांति के लिए केंद्र सरकार के निरंतर प्रयासों से दोनों युद्धरत पक्षों के बीच बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यहां हिंसा हुई। आज, मैं आपसे वादा करना चाहता हूं कि भारत सरकार आपके साथ है और मैं आपके साथ हूं।
सभी समूहों और संगठनों से शांति का मार्ग चुनने की अपील की
पीएम मोदी ने कहा कि मैं सभी समूहों और संगठनों से शांति का मार्ग चुनने की अपील करता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास के लिए शांति सर्वोपरि है और केंद्र सरकार इसे प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य में रेलवे और सड़क संपर्क परियोजनाओं के लिए बजट आवंटन में वृद्धि की है। मोदी ने कहा कि 2014 से, मैंने मणिपुर में संपर्क सुधारने पर विशेष ज़ोर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा और मैं यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि विकास का लाभ देश के हर कोने तक पहुंचे।
कहा, मणिपुर एक नए सवेरे की ओर देख रहा है
मणिपुर को साहस और वीरता की भूमि बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इंफाल से सड़क मार्ग के जरिये चूड़ाचांदपुर जाते समय उन्हें मिले प्यार को वह कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि मैंने विस्थापित लोगों से बात की और मैं कह सकता हूं कि मणिपुर एक नए सवेरे की ओर देख रहा है। लोगों ने शांति का मार्ग चुना है। मोदी ने कहा कि जिन परियोजनाओं का उन्होंने यहां उद्घाटन किया है, वे बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवा के मामले में लोगों के जीवन को बेहतर बनाएंगी। उन्होंने कहा कि कुछ ही समय पहले, इसी मंच से, 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का अनावरण किया गया। ये परियोजनाएं मणिपुर के लोगों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी समुदायों के जीवन को और बेहतर बनाएंगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री के मणिपुर दौरे पर कहा, कहां है आपका राजधर्म?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के मणिपुर दौरे को लेकर शनिवार को दावा किया कि हिंसा के 864 दिन बाद सिर्फ तीन घंटे के लिए जाना एक मजाक और राज्य की पीड़ित जनता का घोर अपमान है। खरगे ने प्रधानमंत्री पर संवैधानिक उत्तरदायित्व का परित्याग करने का भी आरोप लगाया और तंज कसते हुए यह सवाल किया कि आपका राजधर्म कहां है?



