India-US Relationship: डोनाल्ड ट्रंप बोले-भारत और अमेरिका के बीच विशेष रिश्ते, पीएम मोदी ने कहा-ट्रंप की सकारात्मक राय का समर्थन करता हूं

Donald Trump: शुल्क और रूसी तेल खरीद को लेकर अमेरिका और भारत के मध्य मौजूदा तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच विशेष संबंध हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वह भारत-अमेरिका संबंधों के सकारात्मक आकलन के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सराहना करते हैं।
ट्रंप ने कहा, मैं मोदी का दोस्त रहूंगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में अपने कार्यालय ओवल ऑफिस में शुक्रवार को कहा कि मैं हमेशा (नरेंद्र) मोदी का दोस्त रहूंगा। वह शानदार प्रधानमंत्री हैं, लेकिन मुझे इस समय उनके द्वारा किए जा रहे काम पसंद नहीं आ रहे हैं। भारत और अमेरिका के बीच विशेष संबंध है, चिंता की कोई बात नहीं है। बस कभी-कभी कुछ ऐसे पल आ जाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कही ये बात
Narendra Modi: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह भारत-अमेरिका संबंधों के सकारात्मक आकलन के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सराहना करते हैं। इससे पहले ट्रंप ने शुल्क और रूसी तेल खरीद को लेकर दोनों देशों के संबंधों में तनाव के बीच कहा था कि अमेरिका और भारत के बीच एक विशेष संबंध है और वह हमेशा प्रधानमंत्री मोदी के मित्र रहेंगे। अमेरिकी टैरिफ के बाद से दुनिया की नजर भारत और अमेरिका पर है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



