Punjab Flood: पंजाब में बाढ़ के कारण स्कूल और कॉलेज सात सितंबर तक बंद, आप ने भेजी राहत सामग्री; राहुल गांधी बोले, तत्काल जारी हो विशेष राहत पैकेज

Punjab News: पंजाब में बाढ़ से हाहाकार के बीच सरकार ने बुधवार को राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को सात सितंबर तक बंद रखने की घोषणा की इस संबंध में पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की।
आप ने बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए भेजी दिल्ली से राहत सामग्री
आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को दिल्ली से बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए राहत सामग्री से भरे ट्रक रवाना किए, जिसका नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज कर रहे हैं। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज बाढ़ राहत सामग्री लेकर पंजाब पहुंच रहे हैं। दिल्ली से हर दिन हमारे नेता, विधायक, सांसद और आम लोग भी बाढ़ राहत सामग्री से भरे ट्रकों के साथ पंजाब जाएंगे और वहां अपनी सेवाएं देंगे।
राहुल गांधी बोले, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के लिए तत्काल विशेष राहत पैकेज जारी हो
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि बाढ़ प्रभावित पंजाब और प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे कुछ अन्य राज्यों के लिए विशेष राहत पैकेज जारी किए जाएं। राहुल ने एक वीडियो जारी कर पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड की स्थिति को लेकर चिंता जताई और कहा कि इनके लिए तत्काल राहत पैकेज की घोषणा करने की जरूरत है। पंजाब में बाढ़ की वजह से लोगों की परेशानी हो रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



