Voter Adhikar Yatra: राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए अखिलेश यादव, कहा-बिहार की जनता फिर रोकेगी भाजपा का रथ

Rahul Gandhi Voter Adhikar Yatra: बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति गरमाने लगी है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के साथ वोटर अधिकार यात्रा में बिहार में शामिल हुए।
अखिलेश यादव का आरोप, भाजपा ने चुनाव आयोग को जुगाड़ आयोग बनाया
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्वाचन आयोग को जुगाड़ आयोग बना दिया है और जनता भाजपा का रथ फिर रोकेगी। उन्होंने वोटर अधिकार यात्रा के तहत भोजपुर में आयोजित सभा में उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि हमने उन्हें अवध में हराया था, आप लोग उन्हें मगध (बिहार) हराइए।
केसी वेणुगोपाल का ट्वीट
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा सुबह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सारण में वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए। लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस ऐतिहासिक आंदोलन में उनका स्वागत है। वे भाजपा के इशारों पर हो रहे लोकतंत्र के विनाश के खिलाफ हमारी लड़ाई में एक अडिग सहयोगी रहे हैं और उत्तर प्रदेश तथा देश भर में गरीबों और वंचितों की एक मजबूत आवाज रहे हैं।
तृणमूल नेता यूसुफ पठान और ललितेश त्रिपाठी सोमवार को बिहार में वोटर अधिकार यात्रा में होंगे शामिल
तृणमूल कांग्रेस के नेता यूसुफ पठान और ललितेश त्रिपाठी बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के अंतिम चरण में सोमवार को हिस्सा लेकर अपनी पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। पार्टी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा 17 अगस्त को शुरू की गई इस यात्रा का उद्देश्य बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से लोगों के मतदान के अधिकार पर कथित हमले को उजागर करना है। बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



