Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद विमान दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित: नागरिक उड्डयन मंत्री

Ahmedabad Plane Crash: सरकार ने शनिवार को कहा कि अहमदाबाद विमान दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है और जांच सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का ब्लैक बॉक्स शुक्रवार शाम को घटनास्थल से बरामद किया गया। लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान का ब्लैक बॉक्स यहां एक मेडिकल कॉलेज छात्रावास की छत से शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। पीएम मोदी वने शुक्रवार को घटनास्थल का दौरा किया था।
उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था विमान
अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रहा एअर इंडिया का विमान बोइंग ड्रीमलाइनर-787 उड़ान भरने के कुछ क्षण बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि बृहस्पतिवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से लंदन जाने वाले उसके विमान में सवार 241 लोग मारे गए।
विमान दुर्घटना के छह पीड़ितों के डीएनए नमूने का मिलान हुआ, शव परिजन को सौंपे जाएंगे: अस्पताल
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधिकारियों ने डीएनए नमूनों के आधार पर अब तक छह पीड़ितों की पहचान कर ली है और शवों को उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले, परिजनों द्वारा पहचान कर लेने के बाद आठ शव अस्पताल ने रिश्तेदारों को सौंप दिये गए थे और इन शवों की डीएनए प्रोफाइलिंग की जरूरत नहीं पड़ी थी।
अहमदाबाद : प्रभावित इलाकों के लोग विमान के इंजन की आवाज से भी सहम जा रहें
अहमदाबाद के मेघाणी नगर के बच्चों के लिए अपने घरों के ऊपर से उड़ते हुए विमान को देखना एक मजेदार गतिविधि हुआ करती थी, लेकिन उनके इलाके में एअर इंडिया के विमान के गिरने के बाद यह साधारण खुशी भी उनसे छीन गई है।
ब्रिटेन: महाराजा चार्ल्स तृतीय ने अहमदाबाद विमान हादसे के पीड़ितों के लिए मौन रखा
ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय ने शनिवार को अहमदाबाद से लंदन के गैटविक आ रहे एअर इंडिया के विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण मारे गए लोगों की याद में एक मिनट का मौन रखा। उन्होंने अपनी वार्षिक ट्रूपिंग द कलर जन्मदिवस परेड में अंतिम समय में बदलाव किया और पीड़ितों को याद करते हुए बाजू पर काली पट्टी बांधी। (भाषा)



