Israel-Iran War: पीएम मोदी ने इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू से बातचीत में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली पर दिया जोर

Israel-Iran War: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर पश्चिम एशिया में उभरते हालात की जानकारी दी। मोदी ने शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली की आवश्यकता पर बल दिया। मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का फोन आया। उन्होंने मुझे मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी। मैंने भारत की चिंताओं को साझा किया और क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली की आवश्यकता पर जोर दिया।
नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी सहित वैश्विक नेताओं से बात की
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान पर किये गए हमलों के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के कूटनीतिक प्रयास के तहत भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वैश्विक नेताओं से बात की। इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बेहद चिंतित हैं, दोनों पक्षों से तनाव वाले कदमों से बचने का आग्रह किया, ईरान-इजराइल टकराव पर भारत
इजराइल द्वारा ईरान के परमाणु, मिसाइल और सैन्य परिसरों पर हमले किए जाने से पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह दोनों देशों के बीच हाल के घटनाक्रम से बेहद चिंतित है और उभरती स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है। नई दिल्ली ने दोनों देशों से किसी भी तरह के तनाव बढ़ाने वाले कदमों से बचने का आग्रह किया है।
हम डरे हुए हैं, स्थिति अप्रत्याशित है, ईरान-इजराइल तनाव के बीच भारतीय छात्रों की निकासी की मांग
ईरान की राजधानी तेहरान के पास के इलाकों सहित प्रमुख सैन्य और परमाणु स्थलों को निशाना बनाकर किए गए इजराइली हवाई हमलों के बाद वहां पढ़ रहे भारतीय छात्रों ने अपनी सरकार से निकासी की अपील की है। (भाषा)



