देश-दुनिया

Punjab News: पंजाब में नकली शराब के सेवन से 14 लोगों की मौत, भगवंत मान बोले-ये मौत नहीं, बल्कि हत्याएं हैं

Punjab News: पंजाब के अमृतसर में कथित तौर पर नकली शराब के सेवन से पांच गांवों में 14 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि शराब पीने से हुई जटिलताओं के कारण छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि नकली शराब के सेवन से भंगली, पातालपुरी, मरारी कलां और थेरेवाल के गांवों में मौत हुई है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि नकली शराब बनाने के लिए इस्तेमाल मेथेनॉल थोक में ऑनलाइन खरीदा गया था।

भगवंत मान बोले, निर्दोष लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि मजीठा के गांवों में निर्दोष लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने एक पोस्ट में कहा कि ये मौत नहीं, बल्कि हत्याएं हैं।

मारे गए अधिकतर लोग दिहाड़ी मजदूरः उपायुक्त
अमृतसर जिला प्रशासन ने कई मेडिकल टीम तैनात की है जो प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर उन लोगों की जांच कर रही हैं जिन्होंने संभवतः नकली शराब पी थी। अमृतसर की उपायुक्त (डीसी) साक्षी साहनी ने 14 लोगों की मौत की पुष्टि की और कहा कि मारे गए अधिकतर लोग दिहाड़ी मजदूर थे। पुलिस को सोमवार रात को इन मौत के बारे में सूचना मिली। पुलिस उप महानिरीक्षक (बॉर्डर रेंज) सतिंदर सिंह ने कहा कि मुख्य आरोपी सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सात लोगों में से पांच की पहचान मुख्य आरोपी प्रभजीत सिंह और कुलबीर सिंह, साहिब सिंह, गुरजंत सिंह तथा निंदर कौर के रूप में हुई है। साहनी ने सतिंदर सिंह और जालंधर ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनिंदर सिंह के साथ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों से भी मुलाकात की।

मेडिकल टीम तैनात
डीसी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि हमें जैसे ही इसके (नकली शराब त्रासदी) बारे में जानकारी मिली, हमने तुरंत मेडिकल टीम तैनात कर दी। हमारी टीम घर-घर जाकर लोगों से मिल रही हैं। भले ही शराब का सेवन करने वालों में लक्षण नहीं हैं, लेकिन हम जोर दे रहे हैं कि उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों ने रविवार या सोमवार को नकली शराब पी थी और उन्हें उल्टी होने लगी थी। डीसी ने कहा, ‘‘हम पूरी तरह से प्रभावित परिवारों के साथ हैं और उन्हें अपना पूरा समर्थन देने का आश्वासन देते हैं। एसएसपी सिंह ने कहा कि मुख्य आरोपी प्रभजीत सिंह को 50 लीटर मेथनॉल की आपूर्ति मिली थी जिसे उसने हल्का मिश्रण बनाकर दो दो लीटर के पैकेट में लोगों को बेचा। उन्होंने कहा कि हम हर पैकेट का पता लगा रहे हैं और उसे जब्त कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी से पूछताछ में पता चला कि साहिब सिंह नामक व्यक्ति ने मेथनॉल का ऑनलाइन ऑर्डर दिया और फिर उसे वितरित किया। उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button