CBSE 12th Result: सीबीएसई 12वीं में लड़कियों ने मारी बाजी, 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वालों की संख्या में कमी

CBSE 12th Result: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा के नतीजे मंगलवार को जारी हो गए, जिसमें लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। पिछले साल की तुलना में इस साल 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले छात्रों की संख्या में मामूली कमी आई है। बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस साल 88.39 प्रतिशत उम्मीदवार परीक्षा में सफल हुए
इस साल 88.39 प्रतिशत उम्मीदवार परीक्षा में सफल हुए हैं, जो पिछले साल के उत्तीर्ण प्रतिशत 87.98 प्रतिशत से थोड़ा अधिक है। परिणाम से पता चलता है कि 91.64 प्रतिशत लड़कियां परीक्षा में उत्तीर्ण हुईं जबकि 85.70 प्रतिशत लड़के परीक्षा में सफल रहे। ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों का इस बार उत्तीर्ण प्रतिशत शानदार रहा जो पिछले साल के 50 प्रतिशत से दोगुना रहा। कुल 1,11,544 उम्मीदवारों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। (भाषा)



