Maharashtra Politics: दिल्ली से आने के बाद एकनाथ शिंदे अपने पैतृक गांव रवाना, बैठक अब रविवार को होने की उम्मीद

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 (Maharashtra Assembly Election 2024) के नतीजों के एक हफ्ते बाद अपने उत्तराधिकारी को लेकर जारी असमंजस के बीच महाराष्ट्र के निवर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शुक्रवार सुबह नई दिल्ली से मुंबई लौटने के बाद सातारा जिले में स्थित अपने पैतृक गांव रवाना हो गए। एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार देर रात नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा था कि सरकार गठन पर महायुति गठबंधन की अगली बैठक शुक्रवार को मुंबई में होगी।
महाराष्ट्र की नई सरकार के गठन को लेकर दिल्ली के बाद अब मुंबई पर टिकीं निगाहें
शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे और भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को नई दिल्ली से मुंबई लौट आए। इससे पहले दोनों नेताओं और राकांपा प्रमुख अजित पवार ने महाराष्ट्र सरकार गठन को लेकर नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। बृहस्पतिवार देर रात दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने शाह से हुई बातचीत को सार्थक और सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि अगली बैठक शुक्रवार को मुंबई में होगी।
अगर शिंदे उपमुख्यमंत्री का पद स्वीकार नहीं करते हैं तो यह पद शिवसेना में किसी और को मिलेगा: संजय शिरसाट
शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने शुक्रवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी के प्रमुख एकनाथ शिंदे उपमुख्यमंत्री का पद स्वीकार नहीं करते हैं तो यह पद पार्टी से किसी और को दिया जाएगा। पत्रकारों से बातचीत में शिरसाट ने कहा कि शिंदे निश्चित रूप से केंद्रीय मंत्री के तौर पर केंद्र में नहीं जाएंगे। (भाषा)



