देश-दुनिया

UP Board Result 2025: यूपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित, 10वीं में यश और 12वीं में महक ने किया टॉप; योगी ने दी बधाई

UP Board Result 2025: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं- 2025 के परिणाम शुक्रवार को यहां उप्र बोर्ड मुख्यालय में घोषित किए गए, जिसमें हाईस्कूल की परीक्षा में जालौन के यश प्रताप सिंह ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है।

10वीं में जालौन के यश प्रताप सिंह 97.83 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान पर रहे
यहां परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डाक्टर महेंद्र देव ने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में शीर्ष 10 में कुल 55 छात्र-छात्राओं ने स्थान हासिल किया है, जिसमें जालौन के यश प्रताप सिंह 97.83 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान पर रहे। यूपी बोर्ड 10वीं रिजल्ट में यश प्रताप सिंह ने 97.83 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया है। यश प्रताप सिंह रसकेंद्री देवी इंटर कॉलेज, उमरी (जालौन) ने टॉप किया है।

12वीं में 97.20 फीसदी अंकों के साथ महक जायसवाल ने टॉप किया
यूपी बोर्ड 12वीं में 97.20 फीसदी अंकों के साथ महक जायसवाल ने टॉप किया है। महक जायसवाल, बच्चा राम यादव इंटर कॉलेज, भुलाई की छात्रा हैं।

यूपी बोर्डः हाईस्कूल की परीक्षा में 93.87 प्रतिशत छात्राएं, 86.66 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल की परीक्षा में लड़कों के मुकाबले लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन किया और छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.87 रहा जबकि छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.66 दर्ज किया गया। परीक्षा में 13,27,024 छात्र और 12,18,791 छात्राएं शामिल हुईं थीं।

बोर्ड की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए सभी विद्यार्थियों को सीएम ने दी बधाई
यूपी के सीएम योगी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि आप सभी की मेधा, मेहनत एवं अनुशासन का प्रतिफल है। जीवन की हर परीक्षा में आपके परिश्रम को प्रतिष्ठा मिले, सफलता आपकी स्थायी साथी बने, यही शुभकामना है। आप सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत मंगलकामनाएं!

कहा, विफलता निराशा का आधार नहीं हो, यह आत्म-मूल्यांकन का अवसर देती है। निराश न हों, फिर से प्रयास करें
एक अन्य ट्वीट में योगी ने लिखा है कि विद्यार्थियों विफलता निराशा का आधार नहीं होना चाहिए, यह आत्म-मूल्यांकन का एक अवसर देती है। निराश न हों, फिर से प्रयास करें। सफलता आपकी राह देख रही है।

टॉपर्स को सम्मानित करेगी सरकार
एक अन्य ट्वीट में लिखा है कि यूपी सरकार द्वारा प्रदेश स्तर एवं जनपद स्तर के सभी टॉपर्स का सम्मान किया जाएगा।

ऐसे देखें परिणाम
विद्यार्थी अपना रिजल्ट यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं
upmsp.edu.in
upresults.nic.in

रिजल्ट चेक करने के लिए वेबसाइट पर जाकर रिजल्ट सेक्शन में जाएं, कक्षा 10वीं या 12वीं का चयन करें, फिर अपना रोल नंबर और अन्य विवरण भरकर सबमिट करें। इसके बाद आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे आप डाउनलोड भी कर सकते हैं। (भाषा/एएनआई)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button