Holi: पीएम मोदी ने देशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं, राहुल गांधी ने पार्टी कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मनाई होली

Holi 2026: देशभर में बुधवार को होली का त्योहार मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और सभी के जीवन में खुशियों की बहार आने की कामना की। मोदी ने कहा कि होली का त्योहार पूरे माहौल में नयी ऊर्जा भर देता है, यही इस उत्सव की बड़ी विशेषता है।
हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही कामना हैः मोदी
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं। रंग और उमंग से भरा यह त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लेकर आए। हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही कामना है।
राहुल गांधी ने पार्टी कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मनाई होली
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में पार्टी के 24 अकबर रोड स्थित कार्यालय में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ होली का पर्व मनाया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रंग-गुलाल लगाए और उन्हें होली की शुभकामनाएं दी।
होली के रंग आप सभी के जीवन को नई आशाओं, नए उमंग और अनगिनत खुशियों से भर देः राहुल
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि रंगों और मोहब्बत के पर्व होली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। होली के रंग आप सभी के जीवन को नई आशाओं, नए उमंग और अनगिनत खुशियों से भर दें। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



