Weather Update: दिल्ली और यूपी सहित इन राज्यों में भारी बारिश के आसार, आईएमडी ने किया सतर्क

Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह मौसम अपेक्षाकृत सुहाना रहा। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो साल के इस समय के सामान्य तापमान से 0.5 डिग्री कम है। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली और यूपी सहित कई राज्यों में भारी बारिश के आसार हैं।
उप्र में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश का अनुमान: मौसम विभाग
उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान व्यापक पैमाने पर वर्षा होने की संभावना है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया। आईएमडी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी और कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा अस्थायी तौर पर रोकी गई
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश, मौसम विभाग द्वारा जारी रेड और ऑरेंज अलर्ट तथा चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन के कारण उत्पन्न प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए सोमवार को एहतियातन चारधाम यात्रा अस्थायी तौर पर रोक दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौजूदा मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
भारी बारिश के कारण अमरनाथ, वैष्णो देवी और शिव खोड़ी यात्राएं लगातार दूसरे दिन स्थगित
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण अमरनाथ, माता वैष्णो देवी और शिव खोड़ी गुफा मंदिरों की यात्राएं सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी स्थगित रहीं।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट, तीन जिलों के सभी स्कूल बंद
मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों के सभी शैक्षणिक संस्थान 20 और 21 जुलाई को बंद रहेंगे। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में तथा मंगलवार के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, बचाव अभियान के लिए सेना तैनात
असम के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है तथा ऊपरी असम के कई जिलों में बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए भारतीय सेना को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने सोमवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि उनके मंत्रिमंडल के चार सहयोगी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। (भाषा)



