देश-दुनिया

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर किया दावा, शुल्क की धमकी से भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया

Operation Sindoor: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को फिर दावा किया कि पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जब वाशिंगटन ने भारत और पाकिस्तान को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने युद्ध खत्म नहीं किया, तो उन पर भारी शुल्क लगाया जाएगा, तो वे बहुत नाराज हुए और खूब चीखे-चिल्लाए।

भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के दौरान 11 विमान मार गिराए गए थे
वाशिंगटन के पास कैंप डेविड में संवाददाताओं से बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के दौरान 11 विमान मार गिराए गए थे। हालांकि, भारत ने इस दावे का लगातार खंडन किया है। ट्रंप ने दोहराया कि उन्होंने अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान कुल आठ युद्ध रुकवाए। उन्होंने दावा किया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के साथ युद्ध खत्म करने के लिए समझौता करना चाहते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हमने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध खत्म करवाया। 11 विमान मार गिराए गए थे। मामला बहुत गरमाया हुआ था। मैंने शुल्क का इस्तेमाल किया। मैंने कहा-अगर तुम युद्ध लड़ने जा रहे हो, तो 250 फीसदी शुल्क लगेगा तुम दोनों पर।

युद्ध रुकवाकर पांच करोड़ जिंदगियां बचाईं
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि और वे (भारत, पाकिस्तान) बहुत चीखे-चिल्लाए। दोनों इस बात को लेकर बहुत नाराज थे। लेकिन एक दिन बाद उन्होंने फोन किया और कहा-हम युद्ध नहीं करेंगे। ट्रंप ने दावा किया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने उनसे कहा कि उन्होंने दोनों परमाणु शक्ति संपन्न देशों के बीच युद्ध रुकवाकर पांच करोड़ जिंदगियां बचाईं। भारत ने बार-बार कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान संघर्ष-विराम पर सहमति तब बनी, जब पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक ने अपने भारतीय समकक्ष से संपर्क किया। नई दिल्ली ने संघर्ष-विराम में किसी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से भी लगातार इनकार किया है। भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए पिछले साल सात से 10 मई के बीच ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button