राजनीति

Delhi Election 2025: दिल्ली मेरे घर जैसी, अरविंद केजरीवाल को उनके झूठ के लिए माफ नहीं किया जा सकता: नायब सिंह सैनी

हरियाणा (Haryana) के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर मंगलवार को तीखा हमला बोला और कहा कि दिल्ली उनके (सैनी) घर जैसी है और वह यहां के लोगों को कभी जहर मिला पानी नहीं दे सकते।

कहा, अरविंद केजरीवाल ने बड़ा झूठ बोला
नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के नरेला में एक रैली में कहा कि अरविंद केजरीवाल ने इतना बड़ा ‘झूठ’ बोला है, जिसके लिए उन्हें माफ नहीं किया जा सकता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने जोर देकर कहा कि पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप सत्ता से बाहर होने जा रही है।

जानें, क्या कहा था केजरीवाल ने
दरअसल, केजरीवाल ने सोमवार को आरोप लगाया था कि भाजपा शासित हरियाणा दिल्ली को ‘‘जहर मिले हुए’’ पानी की आपूर्ति कर रहा है और उसका इरादा लोगों को मारने का है और चुनाव के दौरान वह इसका आरोप आप पर लगाएगा।

हरियाणा को कलंकित करने का आरोप
सैनी ने कहा कि वह हरियाणा की भूमि से आते हैं, जहां भगवान कृष्ण ने मानवता के कल्याण के लिए उपदेश दिए थे। उन्होंने आप के राष्ट्रीय संयोजक पर हरियाणा को कलंकित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मैं केजरीवाल को बताना चाहता हूं कि यह हमारी पवित्र यमुना है, जिसमें कालिया नाग (एक पौराणिक सर्प) जहर फैलाता था लेकिन भगवान कृष्ण ने उसका वध कर दिया था।’’

झूठ की दुकान चला रहे हैं केजरीवाल
सैनी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह पिछले 10 वर्षों से राष्ट्रीय राजधानी में ‘‘झूठ की दुकान’’ चला रहे हैं। उन्होंने (केजरीवाल) सोमवार को झूठ बोला, जिससे मैं हैरान रह गया। मुझे रात 12 बजे बयान जारी करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा से पानी में (यमुना) जहर मिलाया जा रहा है और इंजीनियरों (दिल्ली जल बोर्ड) को इस बारे में जानकारी हुई और उन्होंने पानी बंद कर दिया।

आप ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत
आप ने इस संबंध में निर्वाचन आयोग से शिकायत की है और पार्टी शासित दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्रियों क्रमश: आतिशी और भगवंत मान ने आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की है।

सैनी ने केजरीवाल पर साधा निशाना
सैनी ने कहा कि किसी ने नहीं सोचा था कि केजरीवाल इतना नीचे गिर जाएंगे। दिल्ली में मेरा घर, परिवार है। मेरे पास दिल्ली के लोगों का आशीर्वाद है। मैं उन्हें जहर मिला पानी कैसे दे सकता हूं? केजरीवाल ने वादा किया था कि वे यमुना को साफ करेंगे, लेकिन एक बार फिर वह दिल्लीवासियों से नदी की सफाई के लिए पांच साल का समय मांग रहे हैं, जबकि उनकी पार्टी दिल्ली में 10 साल से सत्ता में है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button