Maiya Samman Yojana: झारखंड में मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को मिलेंगे 2500 रुपये

झारखंड (Jharkhand) की प्रमुख योजना मंईयां सम्मान योजना के लाभार्थियों को 28 दिसंबर से 2,500 रुपये की बढ़ी हुई वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी। यह योजना राज्य की गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
चुनाव के दौरान किया था वादा
इस योजना के तहत 18-50 वर्ष की आयु की महिलाओं को शुरू में 1000 रुपये दिए गए थे, जिससे करीब 55 लाख महिलाओं को लाभ मिला। राज्य सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए वादे को पूरा करते हुए दिसंबर में इस राशि को बढ़ाकर 2500 रुपये करने का वादा किया था।
लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी धनराशि
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह धनराशि रांची के नामकुम में एक कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी, जिसमें राज्य की हजारों महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।



